सोनीपत। मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा ने रविवार को औद्योगिक क्षेत्र में सीमेंट व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल से भेंट कर समस्या सुनी। व्यापारियों ने व्यापार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सीमेंट एसोसिएशन की ओर से प्रधान उमेद छिक्कारा और चेयरमैन दिनेश जैन ने वीरेंद्र बढ़खालसा का स्वागत किया। व्यापारियों ने पड़ोसी राज्यों से हरियाणा, खासकर सीमावर्ती जिलों में आ रही सीमेंट के कारण स्थानीय व्यापार पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव व राज्य सरकार को हो रहे राजस्व नुकसान का मुद्दा उठाया।
जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला ने व्यापारियों के लिए संचालित बीमा योजना के पोर्टल को उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने का सुझाव रखा। वीरेंद्र बढ़खालसा ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की ओर से उठाए गए मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान कोषाध्यक्ष सोनू गोयल, सचिव प्रदीप सैनी, डायरेक्टर विकास, महासचिव विकास चौहान, अनिल दहिया, उपप्रधान संजय ग्रेवाल, प्रवीण कुच्छल, पुनीत सरस्वती भी मौजूद रहे।