ऑपरेशन थियेटर में छह ओटी टेबल लगाई, डेढ़ माह बाद दोबारा शुरू हो सके ऑपरेशन
पहले तीन कर रहे थे काम, ऑपरेशन प्रक्रिया दोबारा चालू होने से मरीजों को मिलेगी राहत
फोटो 19: सोनीपत के नागरिक अस्पताल में तैयार किया गया ओटी थियेटर। संवाद
प्रदीप कौशिक
सोनीपत। जिला अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर का नवीनीकरण कर मरीजों के लिए खोल दिया गया है। यहां छह ओटी टेबल लगाने के साथ ऑपरेशन थियेटर की क्षमता दोगुनी की गई है। अब यहां आने वाले मरीजों को बाहर ऑपरेशन कराने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
ओटी परिसर में चल रहे नवीनीकरण कार्य के चलते डेढ़ माह से ऑपरेशन प्रक्रिया बंद कर दी थी। इससे मरीजों को ऑपरेशन के लिए एक माह का समय दिया जा रहा था। जिला नागरिक अस्पताल में अब सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है।
इसी कड़ी में नागरिक अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में एक अत्याधुनिक एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन स्थापित किया गया है। इस वर्क स्टेशन के स्थापित होने से अब बड़ी और जटिल सर्जरियों के दौरान मरीजों को पूरी तरह से बेहोश करने में चिकित्सकों को काफी आसानी होगी।
यहां पहले से एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन भी स्थापित है। वर्क स्टेशन के जरिए मरीजों को सर्जरी के दौरान बेहोश करने में परेशानी नहीं होती। यह मशीन मरीज को बेहोश करने की प्रक्रिया को नियंत्रित करने के साथ-साथ सर्जरी के दौरान भी मरीज के संकेतों की भी बारीकी से निगरानी करती है।
नागरिक अस्पताल स्थित ऑपरेशन थियेटर में हर रोज हड्डी, आंख, ईएनटी, परिवार नियोजन के अलावा अन्य रोगों से संबंधित सर्जरी हो सकेगी। नवीनीकरण कार्य के चलते 13 फरवरी से ऑपरेशन बंद कर दिया था। लोक निर्माण विभाग की ओर से ओटी का नवीनीकरण किया गया।
ऑपरेशन थियेटर में नवीनीकरण कार्य के पहले तीन टेबल पर सर्जरी होती थी। अब तक एक माह में 250 सर्जरी होती थी। नवीनीकरण करने के बाद यहां छह टेबल चालू की गई है जिन पर 600 सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है।
वर्जन
नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर को पूर्ण रूप से चालू कर दिया है। नवीनीकरण कार्य के चलते पहले जरूरी ऑपरेशन किए जा रहे थे। अब नेत्र ऑपरेशन व सर्जरी भी चालू कर दी गई है। विशेषज्ञ चिकित्सक भी अब बड़ी सर्जरी को बिना किसी तकनीकी बाधा के पूरा कर सकेंगे। -डाॅ. ज्योत्सना, सिविल सर्जन