गांव रोहट-फतेहपुर रोड के किनारे मिले शव की पहचान पानीपत के प्रीत विहार निवासी मोहित सोनी के रूप में हुई है। उसकी लूटपाट के बाद सिर में गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया था। वह ट्रेवल एजेंसी संचालक के भाई थे और शुक्रवार शाम को पानीपत से अपनी ब्रेजा गाड़ी में सवारी लेकर झज्जर के लिए चले थे। उसके बाद उनसे परिजनों का संपर्क नहीं हुआ तो उन्होंने पानीपत के तहसील कैंप थाना में मोहित के अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया था। सदर थाना पुलिस ने शव को बरामद करने के बाद पहचान के लिए उनका फोटो पुलिस ग्रुप पर डाला तो उनकी पहचान हो सकी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में अब पानीपत पुलिस कार्रवाई करेगी।
सदर थाना पुलिस को शनिवार को गांव रोहट-फतेहपुर रोड पर किनारे एक युवक का शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की थी। युवक के चेहरे और सिर पर चोट के निशान थे। युवक ने हाथ में एक जिम का बैंड मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। रविवार सुबह पानीपत के प्रीत विहार निवासी राजेंद्र सिंह का परिवार सदर थाने पहुंचा और शव विच्छेदन गृह में जाकर शनिवार को मिले शव की पहचान मोहित के रूप में की। मोहित के पास ब्रेजा कार थी। शुक्रवार को जस्ट डायल के माध्यम से पानीपत के रसलापुर से झज्जर के लिए उनकी टैक्सी बुक की गई थी, जिस पर उसका भाई अपनी ब्रेजा गाड़ी लेकर चला गया था। उसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो सका था। मामले को लेकर पानीपत के तहसील कैंप थाने में उन्होंने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया था। सदर थाना पुलिस ने पहचान के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने के साथ ही सिर में एक गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हत्या के मामले में अब पानीपत पुलिस जांच करेगी।
छात्र की कार, मोबाइल और पर्स नहीं मिला
हत्या कर गांव रोहट के पास फेंके गए मोहित की पांच महीने पहले खरीदी गई ब्रेजा कार, दो मोबाइल, 20 हजार रुपये, सोने की चेन और कानों की बालियां गायब मिली हैं। लूटपाट के बाद हत्या कर शव सोनीपत में फेंक दिया गया। युवक के हाथ पर महज जिम का बैंड मिला था। परिजनों ने बताया कि मोहित रोजाना जिम में जाकर अभ्यास करता था।
बहालगढ़ के पास बंद हो गया था जीपीएस, मोबाइल भी बंद हुए
सामान्य अस्पताल में पहुंचे मोहित के भाई अंकित सोनी ने बताया कि उनके पास तीन कारें हैं। वह अपनी कारों को टैक्सी में चलाते हैं। वह मीत के नाम से पानीपत में ट्रेवल एजेंसी चलाते हैं। उनका छोटा भाई मोहित बीकॉम अंतिम वर्ष का छात्र था। शुक्रवार शाम को वह गुरुग्राम गए थे। इसी दौरान क्षेत्र के गांव रसलापुर से झज्जर जाने के लिए एक कॉल आई थी। वह क्रेटा गाड़ी की मांग कर रहे थे। बाहर होने के चलते उन्होंने अपने छोटे भाई मोहित को अपनी ब्रेजा कार लेकर रसलापुर भेज दिया था। रात में सवा नौ बजे कार ने मुरथल टोल को पार किया। उसके बाद बहालगढ़ हाईवे पर पहुंचकर कार का जीपीएस और मोहित का मोबाइल बंद हो गए। उन्होंने पानीपत के तहसील कैंप थाने में उसके अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। रातभर तलाश करते रहे। गांव रसलापुर में जिस स्थान से तीनों हमलावर कार में सवार हुए थे, वहां का सीसीटीवी एक घंटे के लिए बंद कर दिया गया था।
रोहट-फतेहपुर रोड पर शव मिलने के बाद पहचान के प्रयास किए गए। युवक पानीपत का रहने वाला था। उसकी सिर में गोली मारकर हत्या की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पानीपत में पहले से ही अपहरण का मुकदमा दर्ज है। अब मामले में पानीपत पुलिस कार्रवाई करेगी। -इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत
मोहित सोनी का फाइल फोटो।- फोटो : Sonipat