सोनीपत। नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से तैयारियों तेज कर दी गई हैं। इसको लेकर कैबिनेट मंत्री एवं निकाय चुनाव के सोनीपत प्रभारी कृष्णलाल पंवार और सह प्रभारी जवाहर सैनी ने मंगलवार को सेक्टर-8 स्थित भाजपा जिला कार्यालय में संगठनात्मक बैठक ली।
बैठक में चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू किए जाएंगे। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने स्पष्ट किया कि भाजपा टिकट वितरण में योग्यता, ईमानदारी और जनता की स्वीकार्यता को ही प्राथमिकता देगी।
हर वार्ड और हर निकाय सीट पर ऐसे उम्मीदवार उतारे जाएंगे जो जमीन से जुड़े हों और जनता के बीच भरोसेमंद छवि रखते हों। पंवार ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह घर-घर जाकर भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।
जिम्मेदारियां तय की जाएंगी
बैठक में तय किया गया कि आने वाले दिनों में वार्ड और मंडल स्तर पर लगातार बैठकों का दौर चलेगा। जनसंपर्क अभियान को तेज करते हुए मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। संगठन को चुनावी मोड में लाने के लिए जिम्मेदारियां तय की जाएंगी और हर कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका दी जाएगी।
बैठक के दौरान कुछ आवेदकों ने अपने आवेदन जमा करवाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें इनकार कर दिया गया और बताया कि वह प्रक्रिया बुधवार से शुरू होगी। सह प्रभारी जवाहर सैनी ने भी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही जीत की सबसे बड़ी कुंजी है।
इस दौरान विधायक निखिल मदान, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला प्रभारी सतीश नांदल, पूर्व मंत्री कविता जैन, निवर्तमान मेयर राजीव जैन, पूर्व सीपीएस अनिल ठक्कर, देवेंद्र कौशिक, माईराम कौशिक, निवर्तमान पार्षद पुनीत त्यागी, अतुल जैन, नरेंद्र भारतीय, भूपेंद्र गहलावत, सुनीता लोहचब भी मौजूद रहीं।