सोनीपत। नवरात्र में दुर्गा पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। सोमवार को जिले में बनाए गए पूजा पंडालों में मां दुर्गा के आठवें रूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूर्वी जन कल्याण समिति की ओर से ओल्ड हाउसिंग बोर्ड एक्सटेंशन कॉलोनी में बने पूजा पंडाल में रविवार देर रात माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते रहे।
समिति की तरफ से लगातार 19 वें साल ओल्ड हाउसिंग बोर्ड एक्सटेंशन कॉलोनी में दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की उपासना की गई। पूजा पंडाल में निशा पूजा व मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शारदीय नवरात्र के आठवें दिन सोमवार को मां महागौरी की पूजा, अर्चना की गई। पंडित रामशंकर शास्त्री ने बताया कि मां ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तप किया था, जिससे उनका शरीर काला पड़ गया। भगवान शिव ने उन पर गंगाजल छिड़का तो मां अत्यंत कांतिमान गौर वर्ण की हो गईं, तभी से मां का नाम गौरी पड़ा। समिति के सचिव व उपासक प्रभात कुमार चौधरी ने कहा कि महागौरी आदि शक्ति हैं। इनके तेज से संपूर्ण विश्व प्रकाशमान होता है। माता की चार भुजाएं हैं। एक हाथ अभय मुद्रा में है, एक हाथ में त्रिशूल है। एक हाथ में डमरू है, एक हाथ में वरमुद्रा है।
पूजा पंडाल में पूर्वी जन कल्याण समिति की ओर से स्कूली बच्चों के लिए प्रश्नोतरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया व पूछे गए सवालों का जवाब देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता का संचालन डॉली श्रीवास्तव ने किया। वहीं सौम्या, जतिन, लक्की व अंकुर ने इस आयोजन में सहयोग दिया। हरिनाम संकीर्तन मंडली की ओर से सुंदरकांड पाठ व भजन कीर्तन प्रस्तुत किए गए। मंगलवार को श्री दुर्गा महानवमी के अवसर पर हवन व कन्या पूजन का आयोजन होगा। इस दौरान उपाध्यक्ष शंकर शास्त्री, कोषाध्यक्ष मिथिलेश सिंह, राज नारायण सिंह, संजय कुमार मिश्रा, डॉ. रविशंकर, संजय ठेकेदार, इंद्र मिश्रा, सुरेंद्र प्रसाद अंबष्ठ, प्रशांत दत्ता, सुरेश शर्मा, राम श्रीवास्तव, श्याम श्रीवास्तव, संजीव सिंह, रविंद्र सिंह, लक्ष्मी चौधरी, पूनम सिंह आदि मौजूद रहे।