फोटो :46: सोनीपत की सब्जी मंडी में कूड़े के ढेर में लगाई गई आग। संवाद
सोनीपत। वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार बेहद खराब बनी हुई है। ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप)-3 लागू होने के बावजूद कूड़ा जलाने पर रोक नहीं लग पा रही है। खुले में कचरा जलाने और निर्माण स्थलों पर धूल उड़ने से हवा की गुणवत्ता और अधिक बिगड़ रही है।
वीरवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 347 दर्ज किया गया, हालांकि बुधवार को यह 372 था। भले ही उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण थोड़ा प्रदूषण कम हुआ है लेकिन स्थिति अब भी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है।
नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमें अब तक प्रदूषण के कारक कूड़े में आग लगाने की घटनाओं को रोक नहीं पा रही है। कई इलाकों में अब भी खुले में कूड़ा जलाया जा रहा है। वीरवार को सब्जी मंडी के पास कूड़े में आग से धुआं फैला हुआ था। शहरवासी सुरेश, मनोज व मनीष ने बताया कि निरीक्षण और जुर्माने की कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित है।
-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उत्तर-पश्चिम हवा चलने से थोड़ी राहत मिली है। अभी प्रदूषण से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद कम है। मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है। जल्द नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसके बाद राहत की उम्मीद है। -डॉ .प्रेमदीप, मौसम वैज्ञानिक, केवीके सोनीपत।