गन्नौर। बदमाश सुनील सरढ़ाना का फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के मामले में पुलिस ने आरोपी दिल्ली के शाहदरा निवासी बिजेंद्र जैन को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सोनीपत की टीम ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर कैथल कारागार से हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया। आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा दिया है।
विज्ञापन
अगस्त में पुलिस को पता लगा था कि सुनील कुमार निवासी गांव सरढ़ाना ने दिल्ली क्षेत्र में फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाया है। एसटीएफ ने इसे लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि सुनील ने 11 मार्च 2024 को फर्जी पते पर पासपोर्ट जारी करवाया था। इसके बाद वह विदेश भाग गया था। बाद में सुनील को गिरफ्तार कर लिया गया था।
अब जांच में पुलिस ने बिजेंद्र जैन को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बिजेंद्र पर सुनील की पासपोर्ट बनवाने में मदद करने का आरोप है। आरोपी फर्जी कागजात तैयार करता था। वह इसके लिए तीन से चार लाख रुपये लेता है। पुलिस उससे पूछताछ कर सबूत जुटाएगी।