सोनीपत। गांव भठगांव में मामूली कहासुनी के बाद युवक के प्लाट में जाकर उसे तीन गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गांव भठगांव का रहने वाला वीरेंद्र है। पुलिस उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। गांव भठगांव निवासी कुलदीप ने शनिवार को पुलिस को बताया था कि शुक्रवार देर शाम को उसके भाई योगेश का गांव के वीरेंद्र से कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद वह घर आ गया था। कुलदीप ने बताया था कि उसी रात को 10 बजे वह, उसका भाई योगेश व यतिंद्र अपने प्लाट में थे। इसी बीच गांव वीरेंद्र, संजय, आकाश, टेकचंद, गांव रतनगढ़ का जोनी व दो-तीन अन्य गाड़ी व बाइक पर सवार होकर उनके प्लाट में पहुंचे थे। उन्होंने वीरेंद्र से कहासुनी की रंजिश में उसके भाई योगेश पर हमला कर दिया था। वह जान बचाकर भागने लगा तो संजय ने उस पर गोलियां बरसा दी थी। उसकी कमर के पास दो व हाथ में एक गोली लगी थी। वह अपने भाई को बचाने भागे तो हमलावर फरार हो गए थे। योगेश को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात के कारणों का पता लगाएगी। उसे रिमांड पर लिया जाएगा।