मकान पर लोन होने के बावजूद मकान के बैनामा में लोन न होने की दावा कर मकान की गन्नौर तहसील में रजिस्ट्री दर्ज करवाने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के मधुबनी का निवासी रोहित है। गन्नौर थाना पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सहायक उपनिरीक्षक नरेश ने बताया कि बिहार के जिला आरा के नया बैजु, टोला खवासपुर, भोजपुर फिलहाल गन्नौर की हरिनगर कॉलोनी निवासी कुंज देवी ने शिकायत दी थी कि बिहार के मधुबनी के रहने वाले रोहित से हरिनगर कॉलोनी स्थित एक मकान 9 लाख 50 हजार रुपये में खरीदा था। जिसकी गन्नौर तहसील में रजिस्ट्री भी हो गई थी। बाद में उसे पता चला कि मकान पर रोहित कुमार ने लोन ले रखा है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने मकान पर लोन होने की बात छिपाते हुए गलत तरीके से रजिस्ट्री करवा दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।