सोनीपत। वाहन चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। वाहन चोर लगातार पुलिस के सामने चुनौती पेश कर रहे हैं। अलग-अलग स्थानों से चोर चार गाड़ियां (चार पहिया) और एक बाइक चोरी कर ले गए। इनमें सीआईडी के एएसआई की कार भी शामिल है। इनका मोबाइल भी कार के अंदर रखा था। पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मयूर विहार निवासी विनय नैन ने राई थाना की ओपी जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय चौकी पुलिस को बताया कि झज्जर-मेरठ हाईवे पर गांव नसीरपुर बांगर के पास से उनकी कार चोरी हो गई। उन्होंने बताया कि वह पुलिस की सीआईडी विंग में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं और फिलहाल उनकी ड्यूटी दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में है। वह मंगलवार शाम को ड्यूटी खत्म कर घर के लिए चले थे। रास्ते में देर रात नसीरपुर बांगर के पास पहुंचे तो कार को एक तरफ रोक दिया और चाबी उसी में छोड़कर लघुशंका के लिए चले गए। कुछ देर बाद लौटे तो उनकी कार चोरी मिली। कार में उनका मोबाइल फोन भी था। उन्होंने अपने स्तर पर तलाश करने के बाद पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद बुधवार को चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस चोरों का पता लगा रही है। वहीं गांव मल्हा माजरा निवासी प्रवीन कुमार ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह 30 जुलाई को अपनी महिंद्रा केयूवी कार लेकर गांव सेरसा में अपने साढू रवींद्र से मिलने आया था। उसने कार को गांव के प्रियव्रत के खाली प्लॉट के सामने खड़ा किया था। चोर वहां से उसकी कार चोरी कर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अशोक नगर के रहने वाले बलराम ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि उसने अपनी ईको वैन को 31 जुलाई की रात को घर के बाहर खड़ा किया था। सुबह उठकर देखा तो उसकी गाड़ी चोरी मिली। वह अपने स्तर पर तलाश करता रहा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अब उसने पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है। सेक्टर-14 निवासी विजय यादव ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि उसने ब्रेजा गाड़ी खरीद रखी है। गाड़ी उसकी पत्नी शर्मिला यादव के नाम पर है। उसने 1 अगस्त की रात को गाड़ी को अपने घर के बाहर पार्क के सामने खड़ा किया था। 2 अगस्त को सुबह उठे तो गाड़ी चोरी मिली। काफी तलाश करने पर जानकारी नहीं मिल सकी तो पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं गांव अहमदपुर माजरा निवासी पंकज ने बताया कि वह 1 अगस्त की रात को अपने भाई से मिलने गोहाना विश्राम गृह में गया था। वह बाइक को बाहर खड़ा कर अंदर चला गया। वह 10 मिनट बाद बाहर आया तो उसकी बाइक नहीं मिली। तलाश करने पर जब बाइक का पता नहीं लगा तो पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।