गांव लाठ के एक ग्रामीण को अज्ञात व्यक्ति ने उनके फुफेरे भाई का दोस्त बताकर बातचीत करने के बाद उनके खाते से 1.99 लाख रुपये निकाल लिए। ग्रामीण ने कॉल कर रहे अज्ञात व्यक्ति की बात पर विश्वास करते हुए उसे ओटीपी नंबर बता दिया, जिसके बाद उसके खाते से रुपये निकाले गए। ग्रामीण की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
गांव लाठ निवासी प्रेम सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बुआ का बेटा सुनील है। उसने कुछ दिन पहले एक साथी से सुनील के खाते में गूगल पे से तीन हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे। प्रेम सिंह के मोबाइल पर 6 सितंबर को एक व्यक्ति ने कॉल की। उसने कहा कि सुनील को आपने जो रुपये दिए थे, वे वापस लौटाने हैं। प्रेम सिंह ने उसे अपनी बुआ के लड़के का जानकार समझ लिया। उस व्यक्ति ने बार-बार रुपये ट्रांसफर न होने की बात कही। उसके बाद प्रेम सिंह के मोबाइल नंबर पर दो बार ओटीपी आया। उन्होंने वह ओटीपी उसको बता दिया। इसके बाद बैंक खाते से दो बार में 1 लाख 99 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।