निजी चिकित्सक संग बैठक करते चार्ज अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग व डीसी डा. अंशज सिंह।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। चार्ज अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग और डीसी डॉ. अंशज सिंह ने निजी चिकित्सकों को कोरोना योद्धा बनने का आह्वान किया है। इसके लिए चिकित्सक हरियाणा कोविड एसएस पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। स्वेच्छा से कोविड वायरस की जंग में सरकार व प्रशासन के सहयोगी बनकर जनसेवा करने का मौका है। उन्होंने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की जिला शाखा के साथ बैठक की। जहां निजी चिकित्सकों ने कोविड-19 से बचाव के लिए जरूरी मास्क, सैनिटाइजर व दवाइयों की मांग की। इस पर उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि वह इसकी सूची तैयार करें, ताकि इन मांगों को जल्द पूरा किया जा सके।
डीसी डॉ. अंशज सिंह ने कहा कि लोगों के लिए टेलिमेडिसिन की सुविधा की शुरुआत की जाएगी, जिसमें निजी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं ली जाएंगी। इसके लिए उन्होंने आईएमए से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि टेलिमेडिसिन केंद्र के लिए स्थान का निर्धारण अति शीघ्र किया जाएगा। साथ ही निजी अस्पतालों को इस समय बंद नहीं रखना है। निजी चिकित्सक नियमित रूप से अस्पतालों में ओपीडी लगाएं ताकि बीमार लोगों को किसी प्रकार की समस्या नहीं हो। साथ ही सभी चिकित्सक स्वयं तथा अपने अधीन समस्त स्टाफ से आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करवाएं। डीसी डॉ. अंशज सिंह ने आईएमए के सदस्यों से प्रधानमंत्री कोविड रिलीफ फंड में सहयोग के लिए भी अपील की। इस दौरान नगराधीश सुरेंद्र सिंह दून, सिविल सर्जन डॉ. बीके राजौरा, नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश छिल्लर, डिप्टी सीएमओ डॉ. जयकिशोर, आईएमए के सदस्य डॉ. एनके मित्तल, डॉ. अमित रावल, डॉ. प्रशांत आदि मौजूद रहे।