सोनीपत। पानीपत-रोहतक हाईवे स्थित गांव बड़ौता में फ्लाईओवर के निकट मिले किशोर की हत्या की गई थी। किशोर की मां ने गांव की युवती व उसके दो परिचित युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव बड़ौता निवासी अजय (14) शहर में एसी रिपेयर करने का काम सीखता था। 2 जुलाई की रात को वह फ्लाईओवर की तरफ घूमने चला गया था। बाद में अजय का शव फ्लाईओवर के निकट गड्ढे में पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था। पोस्टमार्टम में मौत के कारणों का पता नहीं लगने पर बिसरा जांच को मधुबन लैब में भेजा गया था। जिसकी अभी रिपोर्ट नहीं आई है। मामले में अब उस समय नया मोड़ आ गया जब अजय की मां आशा ने गांव की एक युवती व नगर गांव के दो युवकों सदीप व विकास पर हत्या का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि 1 जुलाई को उसका बेटा अजय व उसकी भांजी रजनी घूमने गए तो उन्होंने गांव की युवती को दो युवकों संग देखा था। जिसके बाद युवती व युवकों ने उसके बेटे व भांजी को धमकी दी थी। उसके एक दिन बाद उसके बेटे का शव मिला। उसे शक है कि युवती व युवकों ने षड्यंत्र के तहत उसके बेटे की हत्या करा दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।