गोहाना। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय (विवि) के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने चार माह से वेतन न मिलने के विरोध में काली दिवाली मनाई। अस्थायी असिस्टेंट प्रोफेसरों की एसोसिएशन सहित शिक्षण एवं गैर-शिक्षण संघ ने संयुक्त रूप से विवि प्रशासन से शीघ्र वेतन देने की मांग की।
हरियाणा यूनिवर्सिटीज कांट्रैक्टचुअल टीचर्स एसोसिएशन (हुकटा) के अध्यक्ष डॉ. विजय मलिक, बीपीएसएमवी अस्थायी असिस्टेंट प्रोफेसर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुमन रंगा, डॉ. शीतल शर्मा, डॉ. दिनेश, डॉ. अंजू और डॉ. अमित ने बताया कि वेतन न मिलने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि बार-बार लिखित व मौखिक निवेदन के बावजूद उनको वेतन नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारी ऋण की किस्तें, बच्चों की स्कूल फीस, मेडिकल बिल और घरेलू खर्च जैसे आवश्यक दायित्व पूरे नहीं कर पा रहे हैं। कर्मचारियों ने कुलपति प्रो. सुदेश से मुलाकात करके वेतन की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि अगर उनको जल्द वेतन नहीं दिया तो वह आंदोलन करने पर विवश होंगे।