सोनीपत। जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस पर शिक्षक दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। अध्यापकों और विद्यार्थियों ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन चरित्र का बखान किया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों की भूमिका अदा की। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अध्यापकों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस का महत्व बताया।
साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल, साउथ प्वाइंट वर्ल्ड स्कूल व साउथ प्वाइंट इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समा बांध दिया। 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने शिक्षकों की भूमिका अदा की। फनी क्लास रूम एक्ट, नृत्य व विभिन्न गतिविधियों से अध्यापकों का मनोरंजन किया। अध्यापकों के लिए ग्रीटिंग कार्ड बनाकर व कविताएं सुनाकर भावनाएं व्यक्त की। इस मौके पर चेयरमैन दिलबाग सिंह खत्री, उप चेयरमैन रोहित खत्री, मुख्य कार्यकारी अधिकारी भावना कालड़ा, कार्यकारी अधिकारी डॉ. ममता सचदेवा मौजूद रही। वहीं दिल्ली विद्यापीठ, देवडू रोड में विद्यार्थियों को डॉ. राधाकृष्णन के जीवन से संबंधित जानकारी दी गई। बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने अध्यापकों को उपहार देकर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में विजय, अनमोल, अजय, तनीषा, लतांशी, दीपिका, हिमांशी, दीपांशु, प्रियंका, चाहत अध्यापकों के प्रतिनिधि बने। इस मौके पर संचालक वीर सिंह सैनी, प्रधानाचार्य आराधना ग्रोवर, उप प्रधानाचार्य प्रियदर्शन, मुख्याध्यापक सत्यप्रिय मौजूद रहे। एमडी पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में हवन करके शिक्षक दिवस मनाया गया। विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस का महत्व बताया गया। इस मौके पर शिक्षक प्रदीप कुमार दहिया, मीना रानी, प्रोमिला, दीपिका, रेखा, सपना व पारूल हवन में आहुति डालकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अध्यापकों की भूमिका निभाकर सुनाई कविताएं
ऋषिकुल विद्यापीठ, गोहाना रोड में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस पर शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यार्थियों ने अध्यापकों की भूमिका निभाकर कविताएं सुनाई। नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। इस मौके पर अध्यक्ष नीरज शर्मा, निदेशिका रीमा शर्मा, प्रभारी अंजू चौहान, मीनू शर्मा ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं देवडू रोड स्थित ऋषिकुल विद्यापीठ में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। चेयरमैन एसके शर्मा, प्रधानाचार्य वंदना वत्स मौजूद रहीं।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया भांगड़ा व नृत्य
ब्राइट स्कॉलर स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। मुख्यातिथि के रूप में स्कूल संरक्षक ओपी चौधरी व निदेशिका समीक्षा पंवार, प्राचार्य डॉ. किरण दलाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्द्धन किया। विद्यार्थियों ने भांगड़ा, नृत्य सहित अनेक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कक्षा प्री-प्राइमरी से बारहवीं तक के अध्यापकों ने मंच पर प्रस्तुति दी। वहीं रामजस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अध्यापकों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की र्गइं। दौड़ प्रतियोगिता में मनजीत प्रथम, राकेश द्वितीय व रविंद्र तृतीय रहे। नींबू-चम्मच दौड़ में रविंद्र प्रथम, ललित द्वितीय व हर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। म्यूजिकल चेयर दौड़ में रोशनी देवी प्रथम, सुदेश द्वितीय, पूजा तृतीय रहीं। इस मौके पर स्कूल संस्थापक रोशनी देवी, प्राचार्य ललित कौशिक, मीनू, राममेहर, राजेंद्र दहिया, सुरेंद्र मौजूद रहे।
ग्रीटिंग कार्ड बनाकर शिक्षकों को किए भेंट
शिव मॉडर्न वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों ने भाषण, गीत व कविताएं प्रस्तुत की। कक्षा ग्यारहवीं व बारहवीं के विद्यार्थियों ने शिक्षकों की भूमिका निभाई। गैर शिक्षणरत कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने ग्रीटिंग कार्ड व पोस्टर बनाकर शिक्षकों को भेंट किए। इस मौके पर निदेशिका सुनीता, चेयरमैन अजमेर सिंह ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। रामेश्वर सेवा संस्थान की ओर से संचालित रेनू विद्या मंदिर, बहालगढ़ में शिक्षकों व विद्यार्थियों ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। प्रधानाचार्य पूर्विता हालदार ने उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। उप प्रधानाचार्य डॉ. ज्योति सरोहा, वीरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को उपहार देकर पुरस्कृत किया।
पसंदीदा अध्यापकों की निभाई भूमिका
जैन विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों ने पसंदीदा अध्यापकों की भूमिका निभाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके सबका मन मोह लिया। शिक्षक दिवस पर अध्यापिकाओं को सम्मानित किया गया। अध्यापिका ललिता को बेहतर कार्य के लिए बेस्ट टीचर का अवॉर्ड दिया गया। इस मौके पर प्रधान राकेश जैन, सचिव शशि भूषण जैन व प्राचार्य डॉ. नीरू मौजूद रहे। वहीं जेपी जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिव युवा शक्ति संघ की ओर से समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्यातिथि के रूप में हरियाणा के पूर्व डीजीपी शील मधुर पहुंचे। संघ की ओर से 21 अध्यापकों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्राचार्य धीरज भारद्वाज, उप प्राचार्य मांगेराम शर्मा, कर्मवीर शर्मा, शिव युवा शक्ति संघ के संस्थापक व अध्यक्ष दीपक कुमार, राजेश पालीवाल, डॉ. मनोज राय, दीपक व अनीता कौशिक मौजूद रही।
समाज व राष्ट्र के उत्थान में शिक्षकों की विशेष भूमिका : कविता
विश्व शांति संस्कार भारतीय गांधी सेवा समिति के तत्वावधान में राजकीय माध्यमिक विद्यालय, गुड़मंडी में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ पूर्व मंत्री कविता जैन ने मुख्यातिथि के रूप में सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। उन्होंने कहा कि समाज व राष्ट्र के उत्थान में शिक्षकों की विशेष भूमिका है। पूर्व मंत्री कविता जैन ने शिक्षकों को सम्मानित किया। जिनमें मुख्याध्यापक राजकुमार, नरेश सरोहा, शारदा वत्स, दिलबाग सिंह, नरेंद्र सिंह, उषा, रवंत कौर, ताज देवी, अमित ठाकरान, सुशील कुमार, यशपाल आर्य व शशि मेहता शामिल रहे। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम व समिति के संयोजक सुरेंद्र भारती मौजूद रहे।
शिक्षक दिवस पर 100 अध्यापकों को किया सम्मानित
गन्नौर। लायंस क्लब गन्नौर गोल्ड की ओर से शिक्षक दिवस पर जीटी रोड स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यातिथि के रूप में लायन विनय गर्ग व विशिष्ट अतिथि के रूप में नपा चेयरमैन अरुण त्यागी, पंकज ढींगड़ा, विजेंद्र गोयल पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन प्रधान रजत हांडा ने किया। क्लब की ओर से सराहनीय कार्य करने वाले 100 अध्यापकों को सम्मानित किया गया। भूषण भाटिया को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस मौके पर गुरेंद्र धनखड़, संजीव सोबती, डॉ. राजेश शर्मा, भूषण भाटिया व राजेश कौशिक मौजूद रहे।
बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
गन्नौर। अपोलो इंटरनेशनल स्कूल, बड़ी में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सभी ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस मौके पर प्राचार्य रजनी शर्मा, समन्वयक हरमीत कौर व अनीता यादव मौजूद रही। गीता विद्या मंदिर, पुरखास में पौधरोपण कर शिक्षक दिवस मनाया गया। प्रबंधक तुषार त्यागी व रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष निशांत गोयल, सतीश चौधरी, हरिओम व प्राचार्य गीता ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान बबीता, मैना, पिंकी व आचार्य सागर का सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने अध्यापकों की भूमिका निभाई।
कविता, भाषण व सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया
गोहाना। शेर सिंह पब्लिक स्कूल में डॉ. राधाकृष्णन के जन्मदिवस पर शिक्षक दिवस मनाया गया। मुख्यातिथि के रूप में प्रबंधक महेंद्र सिंह मलिक ने शिरकत की। अध्यक्षता प्राचार्य जयवीर सिंह ने की। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम एकल नृत्य, कविता, भाषण व सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान किया गया। ऋतु व गीता मलिक को उत्कृष्ट शैक्षणिक गतिविधियों के लिए सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस मौके पर रेणुबाला, प्रीति राणा व आरती मेहरा मौजूद रही।