सोनीपत। अपराध पर अंकुश के लिए पुलिस ने अलग से पहल करने की तैयारी की है। इसे लेकर पुलिस आयुक्त ने कहा कि शराब के अवैध खुर्दे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं होंगे। किसी भी थाना क्षेत्र में यह खुर्दे चलते नहीं मिलने चाहिएं। इसे लेकर कड़ी कार्रवाई की जाए। खुर्दों के आसपास होने वाली गतिविधियों पर नजर रखते हुए शरारती तत्वों की धरपकड़ की जाए। यूनिक नंबर आईडी का दायरा बढ़ाया जाए। ऑटो-ई-रिक्शा व सामान्य कैब के अलावा विश्वविद्यालयों व अन्य संस्थानों में रोजाना आवागमन करने वाली ओला व उबर कैब पर भी यूनिक नंबर लगाया जाए।
वह बुधवार शाम को लघु सचिवालय के सभागार में जिला पुलिस के सभी डीसीपी, एसीपी व अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर किसी के क्षेत्र में खुर्दे चलते मिले तो संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा तय किया गया कि यूनिक नंबर का दायरा बढ़ाते हुए उन ओला उबर कैब भी इस दायरे में लाए जो जिले के विश्वविद्यालयों, अन्य संस्थानों में रोजाना आवागमन करती हैं। साथ ही यूनिक नंबर लगाने के काम में तेजी लाई जाएगी। गाड़ी चालक इस अभियान में सहयोग नहीं करेगा, उसकी गाड़ी को जब्त कर लिया जाएगा। इस दौरान डीसीपी गोहाना भारती डबास, डीसीपी विजय सिंह, गौरव राजपुरोहित, एसीपी मुकेश जाखड़, संदीप धनखड, नरसिंह, सोमबीर, नरेंद्र, रमेश जागलान, गोरखपाल मौजूद रहे।
नशा किसी सूरत नहीं बिकने दिया जाए
थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नशा बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें। नशे को लेकर मिलने वाली शिकायतों पर कानून के दायरे में रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई होना सुनिश्चित होना चाहिए। पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की दिशा में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए।
स्कूल-कॉलेजों के बाहर लगातार हो गश्त
उन्होंने कन्या महाविद्यालय व स्कूलों के बाहर सुबह व छुट्टी के समय गश्त व पेट्रोलिंग लगातार करने को कहा। शरारती तत्वों पर नजर रखकर कार्रवाई का आदेश दिया। थाना के पेंडिंग केसों व केस प्रॉपर्टी का शीघ्र निपटारा करवाने को कहा। पुलिस आयुक्त ने एसएचओ ट्रैफिक को निर्देश दिए कि वह ट्रैफिक पर विशेष ध्यान देकर जाम की स्थिति पैदा न होने दे। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने वाले, ओवर स्पीड, बिना नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म तथा बुलेट वाहनों से पटाखे बजाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करें।
बेहतर कार्य करने वाले हुए सम्मानित
पुलिस आयुक्त बी. सतीश बालन ने निरीक्षक अजय धनखड़, निरीक्षक सुनील कुमार, निरीक्षक रवि कुमार, निरीक्षक रमेश कुमार को उनके अच्छे कार्यों के लिए नकद इनाम व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।