सोनीपत। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने मुरथल के पास स्थित मान ढाबे के पीछे प्लॉट में टैंकर से गैस चोरी कर व्यावसायिक सिलिंडर में भरने व गैस की कालाबाजारी करने के मामले में दो अन्य आरोपियों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के सरैया माधवा का रहने वाला राहुल और दिल्ली के अलीपुर का रहने वाला देवेंद्र है। राहुल दिल्ली की गैस एजेंसी का मैनेजर है और देवेंद्र ढाबा संचालक है। पुलिस ने दोनों को सात दिन के रिमांड पर लिया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे सूचना मिली थी कि मुरथल स्थित मान ढाबा के पीछे गैस टैंकर से अवैध रूप से गैस निकालकर उसे व्यावसायिक सिलिंडर में भरकर कालाबाजारी की जा रही है। जिस पर इंस्पेक्टर सुनील कुमार व एएसआई राजेश की टीम ने खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक नवीन पालीवाल व दीपक भारद्वाज को बुलाया गया था। टीम ने वहां से पांच आरोपी पकड़े थे और 104 सिलिंडर बरामद किए थे। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के बरेली के गांव पिंडारी निवासी पुष्पेंद्र व उसके सहायक बरेली के रफियाबाद निवासी हरचरण, पिकअप व गैस सिलिंडर मालिक राजस्थान के जोधपुर के गांव भोजासर निवासी कमलेश, उसके सहायक जोधपुर के गांव नोखड़ा निवासी मोहन तथा बीकानेर के गांव नगरासर निवासी कमलेश कुमार को गिरफ्तार किया था। अब दिल्ली में गैस एजेंसी मैनेजर राहुल व ढाबा संचालक देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।