सोनीपत। गांव गढ़ी ब्राह्मण के ग्रामीण को झांसे में लेकर साइबर ठगों ने 4.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। ठगों ने व्हाट्सएप पर कॉल कर खुद को उनका चचेरा भाई बताया और पत्नी के गंगाराम अस्पताल में भर्ती होने का बहाना बनाकर खातों में रुपये डलवाए। साइबर ठगों ने 60 बार में यह राशि खातों में डलवाई।
गांव गढ़ी ब्राह्मणान निवासी ओमप्रकाश ने साइबर थाना में मुकदमा दर्ज कराया है कि 21 अक्तूबर को उनके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को उनका चचेरा भाई रवि बताते हुए कहा कि वह घर में आर्थिक सहायता भेजना चाहता है। इस बहाने उसने उनकी पत्नी से उनका बैंक खाता नंबर मंगवाया।
इसके बाद ठग ने 16.15 लाख रुपये जमा कराने की फर्जी बैंक स्टेटमेंट भेजी। उसके बाद ठग ने बताया कि उनकी पत्नी गंगाराम अस्पताल में भर्ती है तथा इलाज के लिए उसे चार लाख रुपये भेजने हैं। ओमप्रकाश का कहना है कि विश्वास में आकर उनकी पत्नी ने ठग के कहने पर 60 ट्रांजेक्शन में 4,49,994 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बाद में जब संपर्क करने की कोशिश की गई तो मोबाइल नंबर बंद मिला। उसके बाद ठगी का अहसास हुआ। ओमप्रकाश ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना सोनीपत में लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ठगों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।