फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: कालाबाजारी का शक...एचपी की एजेंसी में मिले इंडेन और भारत गैस के सिलिंडर

Wed, 18 Jun 2025 01:08 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो 29: सोनीपत के गांव झरोठ ​स्थित एनडी नांदल एचपी गैस एजेंसी परिसर में रखे गैस सिलिंडर। संवाद
विज्ञापन
खरखौदा। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने मंगलवार को गांव झरोठ स्थित एनडी नांदल एचपी गैस एजेंसी पर छापा डाला। टीम को जांच के दौरान एजेंसी में भारी गड़बड़ियां मिलीं। एजेंसी से एचपी, इंडेन और भारत कंपनी के 450 सिलिंडर मिले। टीम ने कार्रवाई करते हुए एजेंसी संचालक को पुलिस के हवाले कर दिया। खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर ने खरखौदा थाना पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को सूचना मिली थी कि झरोठ गांव स्थित एनडी नांदल गैस एजेंसी में एचपी के सिलिंडरों से इंडेन और भारत कंपनी के सिलिंडरों में गैस भरकर कालाबाजारी की जा रही है। इस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की तरफ से इंस्पेक्टर बिजेंद्र, खाद्य आपूर्ति विभाग की तरफ से इंस्पेक्टर प्रवेश व अग्निशमन अधिकारी संदीप की संयुक्त टीम ने छापा डाला।
टीम ने एजेंसी संचालक गांव रोहणा फिलहाल खरखौदा निवासी नरेश कुमार से एजेंसी से संबंधित कागजात मांगे। संचालक ने इसके लिए जो कागजात प्रस्तुत किए उसे टीम ने यह कहकर नकार दिया कि यह एजेंसी या गोदाम संचालन के नहीं हैं, बल्कि यह गैस सिलिंडर गोदाम के निर्माण के लिए है।
विज्ञापन

इस दौरान सीएम फ्लाइंग के डीएसपी सुशील कुमार भी मौके पर पहुंच गए और एजेंसी व गोदाम का निरीक्षण करने के बाद टीम को आदेश दिया कि अगर खामियां मिलती हैं तो सख्त कार्रवाई की जाए। एजेंसी संचालन की अनुमति न मिलने, दूसरी कंपनी के गैस सिलिंडर मिलने व अग्निशमन यंत्र एक्सपायर होने पर खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर प्रवेश ने शिकायत देते हुए एजेंसी संचालक नरेश व सभी गैस सिलिंडर को खरखौदा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। खरखौदा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

टीम ने एजेंसी और गोदाम का निरीक्षण किया
टीम ने एजेंसी और गोदाम का निरीक्षण किया तो पाया कि जो गोदाम बनाया गया है, वह पूरी तरह से खाली है। एजेंसी परिसर में एचपी कंपनी की जगह इंडेन व भारत गैस एजेंसी के विभिन्न भारवर्ग के गैस सिलिंडर रखे हुए हैं। इस पर टीम ने संचालक नरेश से इस बारे में पूछा तो उसने बताया कि कई बार उपभोक्ता दूसरी कंपनी का सिलिंडर दे देते हैं। उन्हें यह लेने पड़ते हैं। टीम को इंडेन कंपनी के 334 और भारत कंपनी के 88 गैस सिलिंडर मिले। इसके बाद टीम ने प्रांगण में खड़े दो ट्रकों की जांच की तो उसमें एचपी कंपनी के 184 गैस सिलिंडर मिले। इस दौरान टीम ने मौके से विभिन्न भार वर्ग के करीब 450 व्यावसायिक गैस सिलिंडर बरामद किए।

अग्निशमन यंत्र एक्सपायर मिले
टीम की जांच में गोदाम एजेंसी में रखे अग्निशमन यंत्र भी एक्सपायर मिले, जबकि किसी भी ज्वलनशील सामग्री के स्टाॅक पर ऐसे यंत्रों का सही से काम करते होना बहुत जरूरी है। इस पर जब संचालक से फायर से संबंधित एनओसी मांगी गई तो वह प्रस्तुत नहीं कर पाया।

एजेंसी संचालक स्टॉक रजिस्टर नहीं दिखा पाया
जांच में एचपी कंपनी के जो गैस सिलिंडर मिले थे, उनका स्टॉक रजिस्टर एजेंसी संचालक से मांगा गया, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर पाया। ऐसे में टीम की तरफ से दूसरी कंपनी के गैस सिलिंडर जब्त करने के साथ ही एचपी कंपनी के गैस सिलिंडर भी पुलिस के हवाले कर दिए गए।

एचपी गैस एजेंसी पर गैर कानूनी तरीके से इंडेन व भारत कंपनी के सिलिंडर रखकर बेचने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की है। जांच में भारी संख्या में दूसरी कंपनी के सिलिंडर मिले हैं। गोदाम में सिलिंडर रखने के नियमों का पालन नहीं हो रहा था। खुले में सिलिंडर रखे गए थे। टीम को सख्त कार्रवाई के लिए कहा गया है। -सुशील कुमार, डीएसपी, मुख्यमंत्री उड़न दस्ता, हरियाणा।

फोटो 29: सोनीपत के गांव झरोठ स्थित एनडी नांदल एचपी गैस एजेंसी परिसर में रखे गैस सिलिंडर। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें