सोनीपत। जिला कारागार परिसर में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी सोमवार तड़के अचानक घुस आई वार्डर के रोकने के बावजूद चालक बैरियर तोड़कर भाग गया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रही घटना को लेकर आशंका जताई जा रही है कि चालक ने जेल की रेकी की या फिर भीतर कोई प्रतिबंधित सामान फेंकने की कोशिश की।
जेल उपाधीक्षक की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेल उप-अधीक्षक संदीप कुमार ने सिटी थाना की कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी पुलिस को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि फॉर्च्यूनर गाड़ी सोमवार करीब तडक़े करीब 3:30 बजे मुख्य गेट से अंदर दाखिल हो गई। गाड़ी पर वीआईपी नंबर प्लेट थी।
ड्यूटी पर तैनात वार्डर राममेहर ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार में आगे बढ़ गया। गाड़ी ने जेल के बाहरी परिसर में चक्कर लगाया और वापस मेन गेट की तरफ लौट आई।
जब गाड़ी बाहर निकलने लगी तो वार्डर ने दोबारा रोकने की कोशिश की लेकिन चालक ने बैरियर तोड़ दिया और तेज गति से भाग गया। गनीमत रही कि कोई कर्मचारी गाड़ी की चपेट में नहीं आया। करीब दस मिनट तक गाड़ी बाहरी परिसर में रही।
जेल प्रशासन का कहना है कि बाहरी परिसर अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है जहां आम व्यक्ति या निजी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित है। ऐसे में इस घटना को सुरक्षा उल्लंघन माना जा रहा है।
घटना के बाद सभी सीसीटीवी की फुटेज पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 221, 281, 329(1), 62, साथ ही पीडीपी एक्ट की धारा 3 और प्रिजनर एक्ट की धारा 42 लगाई है।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह का कहना है कि जेल उप अधीक्षक की तरफ से शिकायत मिली थी। सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी ने बाहरी परिसर में प्रवेश किया। आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
फोटो :: सोनीपत में गोहाना रोड स्थित जिला कारागार में तोड़ा गया बैरियर। संवाद