फोटो :32: सोनीपत के गांव बेगा में सोनू के घर पर मौजूद परिजन व ग्रामीण। संवाद
गन्नौर। गांव बेगा से तीन दिन पूर्व लापता हुए 29 वर्षीय युवक सोनू उर्फ टीटा की गुमशुदगी का मामला अब हत्या में तबदील होने का शक है। थाना गन्नौर पुलिस की जांच में आए तथ्यों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए संदिग्धों ने सोनू की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
गांव बेगा निवासी मोनू ने गन्नौर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई कि 12 जनवरी को उनका भाई सोनू दवा लेकर आने की बात कहकर घर से गया था पर नहीं आया। पुलिस ने गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।
युवकों ने बताया है कि मामूली कहासुनी को लेकर सोनू के साथ बहस हुई थी। बाद में वह हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान सोनू की हत्या कर दी गई। उन्होंने शव को गांव बेगा के समीप यमुना नदी के किनारे मिट्टी खोदकर दबाने की बात कही है।
थाना गन्नौर पुलिस और सीआईए गन्नौर की संयुक्त टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर तलाश की पर रात होने के चलते सुराग नहीं लग सका। अब पुलिस शुक्रवार सुबह ड्यूटी मजिस्ट्रेट की की मौजूदगी में सर्च अभियान चलाएगी। बताया जा रहा है कि सोनू का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
सोनू के चाचा राजेश ने बताया कि उनके भतीजे का अपहरण कर हत्या की गई है। भतीजे को शराब पिलाने के बहाने घर से ले जाकर हत्या की गई है। एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि लापता युवक के बारे में कुछ अहम जानकारी हाथ लगी है। पुलिस सबसे पहले सोनू को बरामद करने का प्रयास कर रही है।
फोटो :32: सोनीपत के गांव बेगा में सोनू के घर पर मौजूद परिजन व ग्रामीण। संवाद