सोनीपत। शिक्षा विभाग ने राजकीय स्कूलों के सुपर-100 बैच 2025-27 के लिए खंडस्तरीय लेवल-1 की परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा 5 फरवरी को आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
सुपर-100 के लिए जिले भर से 2231 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। परीक्षा के बेहतर संचालन के लिए जिला विज्ञान विशेषज्ञ (डीएसएएस) सुरेंद्र सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुपर-100 परीक्षा के लिए 20 दिसंबर से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसकी अंतिम तिथि 28 जनवरी निर्धारित की गई थी। 40 दिन तक चली पंजीकरण प्रक्रिया में जिले के 2231 विद्यार्थियों ने ही पंजीकरण करवाया है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए गन्नौर व गोहाना में दो-दो, जबकि खरखौदा, मुंडलाना, राई व सोनीपत में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा को नकल रहित व बेहतर संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जिन स्कूलों में बनाए परीक्षा केंद्र, उनमें रहेगा अवकाश
डीएसएस सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुपर-100 की परीक्षा के लिए जिन स्कूलों में केंद्र बनाए गए हैं, उन स्कूलों में परीक्षा के दिन अवकाश रहेगा। हालांकि अध्यापक व अन्य स्टाॅफ अन्य दिनों की तरह विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। विद्यालय शिक्षा निदेशालय की तरफ से जारी निर्देशों में कहा गया है कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी पंजीकृत विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हों और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे।
जिले में यहां बनाए गए परीक्षा केंद्र
खंड स्कूल
गन्नौर : राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गन्नौर
गन्नौर : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गन्नौर
गोहाना : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोहाना
गोहाना : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोहाना
खरखौदा : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खरखौदा
मुंडलाना : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बुटाना
राई : राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बीसवांमील
सोनीपत : राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन
किस खंड के कितने विद्यार्थी देंगे परीक्षा
खंड परीक्षार्थी
गन्नौर 390
गोहाना 278
कथूरा 147
खरखौदा 244
मुंडलाना 197
राई 461
सोनीपत 514
कुल 2231
सुपर-100 का यह रहेगा शेड्यूल
-लेवल-1 की परीक्षा : 05 फरवरी
लेवल-1 की परीक्षा का परिणाम : 15 मार्च
लेवल-2 की परीक्षा : 09 अप्रैल
लेवल-2 की परीक्षा का परिणाम : 07 मई
-सुपर-100 की परीक्षा शिक्षा विभाग की तरफ से जारी शेड्यूल के अनुसार 05 फरवरी को ली जाएगी। खंड स्तर पर आयोजित की जाने वाली परीक्षा के लिए परीक्षा को लेकर जिले में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए जिले से 2231 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है।
सुरेंद्र कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सोनीपत