भीषण गर्मी का सितम रविवार को भी जारी रहा। ज्येष्ठ माह की शुरुआत से एक दिन पहले ही जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। तेज गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा दिया। रिकॉर्ड गर्मी की मार से परेशान लोग घरों में ही रहे। जरूरी काम होने पर ही घरों से निकले। दिन में ज्यादातर समय बाजार सूने पड़े रहे। बाजार में कर्फ्यू जैसा नजारा दिखाई दिया। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव आ सकता है, लेकिन गर्मी से राहत 20 मई के बाद ही मिल सकती है। हालांकि वह भी कुछ दिन के लिए ही मिलेगी।
मौसम के मिजाज में हुए बदलाव के चलते इस बार समय से पहले ही लोगों को रिकॉर्ड गर्मी झेलनी पड़ी है। गर्मी ने कई साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अप्रैल की गर्मी की वजह से कृषि क्षेत्र पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। अब मई में प्रति चक्रवात मौसम प्रणाली विकसित होने की वजह से वातावरण में से नमी पूरी तरह से गायब हो चुकी है। पाकिस्तान की तरफ से आ रहीं गर्म हवाओं ने परिस्थितियों को और अधिक गंभीर कर दिया है। चार दिन से झुलसा रही तेज गर्म हवाओं का प्रभाव रविवार को भी झेलना पड़ा। दिन निकलते ही लोग परेशान हो गए। न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने से सुबह से ही तेज गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गईं। रविवार दोपहर में इस सीजन की सबसे भीषण गर्मी का अहसास हुआ। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ ही तेज गर्म हवाओं के चलने सिलसिला जारी रहा। गर्मी का सबसे ज्यादा असर बाजार पर पड़ा। गर्मी के चलते बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। ऐसे में बाजारों में सुबह-शाम ही ग्राहक पहुंचे।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते सोमवार रात को बादल छाने व तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है। इससे तापमान में थोड़ी कमी होने की उम्मीद है।
नहरों में डुबकी लगा रहे हैं लोग, बिजली की खपत भी बढ़ी
गर्मी से बचने के लिए एक तरफ लोग जहां घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए हैं, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण अंचल के लोग नियमों का तोड़कर नहरों में डुबकी लगाते दिखे। ककरोई गांव में भी रविवार को काफी संख्या में न सिर्फ युवा, बल्कि बच्चे भी नहरों में नहाते दिखाई दिए। यही नहीं बिजली की मांग बढ़ने के कारण शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को बिजली के अघोषित कटों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्जन
दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे प्रदेश में इस बार लोगों को रिकॉर्ड गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा समय में प्रति चक्रवात बना हुआ है, जिसकी वजह से तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया है। लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं। हालांकि 20 मई के बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से बारिश के आसार बन रहे हैं। इससे पहले तेज हवाएं आने की आशंका है। लेकिन इससे तापमान में अधिक गिरावट नहीं आएगी। गर्मी से कुछ राहत 20 मई के बाद ही मिल सकती है।
- डॉ. चंद्रमोहन, मौसम विशेषज्ञ