गन्नौर। गांव उद्देशीपुर में अपनी सुसराल आए कृषि विभाग कर्मी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवाया। पिता के बयान पर मृतक की पत्नी, साढू, साली व सास के खिलाफ पुलिस ने आत्महत्या को विवश करने का मामला दर्ज कर लिया है।
झज्जर के गांव कासनी का कैलाश उद्देशीपुर गांव में अपनी पत्नी को लिवाने के लिए आया था। लेकिन उसकी पत्नी ने उसके साथ जाने से मना कर दिया। जिसके चलते उसने ससुराल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मृतक का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया था। फोन की जांच करने पर पता चला कि कैलाश ने मरने से पहले झज्जर निवासी अपने साढू से बातचीत की थी। कैलाश व उसके साढू के बीच हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग से यह खुलासा हुआ। रिकॉर्डिंग के अनुसार कैलाश की पत्नी उसके साढू बादली निवासी सुमित के घर पर थी। उसने अपने साढू से उसकी पत्नी को घर भेजने का निवेदन किया। साथ ही कैलाश ने यह भी बताया कि यदि उसकी पत्नी घर वापस नहीं लौटी तो वह अभी फंदा लगा कर आत्महत्या कर लेगा। जिसके जिम्मदार उसकी पत्नी, साढू, साली व सास होगी।
इस बारे में थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपनी ससुराल में फंदा लगा लिया है। उसकी शादी एक साल पहले हुई थी। वह अपनी पत्नी को लिवाने आया था। मोबाइल की रिकॉर्डिंग मिली हैं। जिसमें वह अपने साढू से अपनी पत्नी को उसके पास भेजने की बात कर रहा था। मृतक कैलाश के पिता का आरोप है कि उसके बेटे ने अपने साढू बादली निवासी सुमित, अपनी पत्नी, सास व साली के दबाव में आकर आत्महत्या की है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।