सोनीपत। सेवा पखवाड़ा के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शुक्रवार को नशामुक्ति पर सेमिनार व रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि प्रीतपाल सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अपना जीवन संवारना चाहिए।
उन्होंने छात्रों को नशे से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। डॉ. आशीष राठी ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति की शारीरिक व मानसिक स्थिति को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार, समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।
वहीं रोजगार मेले में हिंदुस्तान एब्रेसिटस, एटलस इंडस्ट्रीज, एआरबी बेयरिंग, क्रिस्टल क्रॉप प्रोडक्शन आदि कंपनियों ने 100 छात्रों को अप्रेंटिस और प्लेसमेंट का अवसर दिया। मेले में 150 से अधिक छात्रों ने भाग लिया।
इसके बाद कॅरिअर काउंसिलिंग का आयोजन किया गया। छात्रों को उनके व्यक्तित्व विकास, आईटीआई के विभिन्न ट्रेडों, निजी उद्योगों में उपलब्ध कॅरिअर अवसरों के बारे में जानकारी दी गई।
सफाई अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं, स्टाफ सदस्यों ने अपनी कार्यशालाओं, आसपास क्षेत्रों की सफाई की। कार्यक्रम में प्राचार्य विक्रम सिंह, मेजर संजय श्योराण, सुरेश ढांडा, सुनील मलिक, मुकेश नेहरा, सुरेंद्र कुमार, सुभाष चंद्र मौजूद रहे।