सोनीपत। जिले के राजकीय विद्यालयों में शनिवार को पहली से नौवीं व 11वीं कक्षाओं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की है। पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम सौ फीसदी रहा, वहीं ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थी भी परीक्षा परिणाम जानकार खुशी से झूमते नजर आए।
जिले में पहली से नौवीं व 11वीं कक्षा के 88507 विद्यार्थी वार्षिक परीक्षा में शामिल हुए थे। सभी कक्षाओं का वार्षिक परीक्षा परिणाम 31 मार्च को घोषित किया जाना था, लेकिन रविवार को अवकाश होने के चलते परीक्षा परिणाम शनिवार को घोषित किया गया। परीक्षा परिणाम जानने के लिए विद्यार्थियों के साथ ही अभिभावक भी उत्सुक नजर आए। सभी राजकीय स्कूलों में सुबह 9 बजे परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इसे सुनकर विद्यार्थी खुशी से झूम उठे।
1 अप्रैल से होगा नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ
राजकीय विद्यालयों में 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया जाएगा। परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पहली तारीख से ही स्कूलों में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए प्रेरित किया। स्कूल प्राचार्यों ने नए शैक्षणिक सत्र में भी बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए पहले दिन से ही मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी।
कितने विद्यार्थी परीक्षा में हुए थे शामिल
कक्षा विद्यार्थी
पहली 6270
दूसरी 8124
तीसरी 9567
चौथी 9294
पांचवीं 9947
छठी 9864
सातवीं 10162
आठवीं 9882
नौवीं 8698
ग्यारहवीं 6699
कुल 88507
राजकीय विद्यालयों में शनिवार को पहली से नौवीं व 11वीं कक्षाओं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। आठवीं कक्षा तक का परिणाम जहां सौ फीसदी रहा है। वहीं नौवीं व 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। सभी कक्षाओं में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया है। 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया जाएगा।
- नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत