साेनीपत। राजकीय स्कूलों में चल रहे प्रवेश उत्सव के दौरान शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों व बच्चों को राजकीय स्कूल में दाखिला लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। गांव अकबरपुर बारोटा स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने गांव में डोर-टू-डोर अभियान चलाया। इस दौरान अभिभावकों को उनके घर जाकर राजकीय स्कूलों में दी जाने वाली सुविधाओं से अवगत कराया। साथ ही अपने बच्चों का दाखिला राजकीय विद्यालय में करवाने के लिए प्रेरित किया।
पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अकबरपुर बारोटा के शिक्षकों ने अभियान के दौरान अभिभावकों को बताया कि नया शैक्षणिक सत्र 2024-25 एक अप्रैल से शुरू हो रहा है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्राचार्यों को प्रत्येक कक्षा में 10 फीसदी विद्यार्थी संख्या बढ़ाने का लक्ष्य दिया है। साथ ही शिक्षा के स्तर में सुधार करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कई योजनाएं भी चलाई हैं। स्कूल में अत्याधुनिक लैब स्थापित की गई हैं, इसका विद्यार्थी लाभ उठा सकते हैं। अभियान के दौरान गांव के सरपंच ने पंच से विद्यालयों में दाखिले के लिए चर्चा की। डोर टू डोर अभियान के दौरान शिक्षकों ने अकबरपुर बारोटा के साथ ही गांव सफियाबाद, नाथूपुर सबोली, जठेड़ी, खेड़ी मनाजात, छतेहरा, लाडपुर, जगदीशपुर, मल्हा माजरा में घर-घर जा कर विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को प्रेरित किया। विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई।