गोहाना के सिविल रोड पर दिन में जल रही स्ट्रीट लाइटें। संवाद
गोहाना। गोहाना के सिविल रोड पर लगी सोडियम लाइट को दिन में भी नहीं बंद किया जाता है। इससे एक तरफ बिजली की बर्बादी होती है, वहीं नगर परिषद को इसका बिल भी अधिक चुकाना पड़ता है। इस समस्या की तरफ नगर परिषद के अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बिजली की बचत करने के लिए सरकार तरह-तरह के उपाय कर रही है। बीते दिनों एलईडी बल्ब व कम वोल्ट के सीलिंग फैन उपभोक्ताओं को बांटे गए ताकि बिजली की खपत में कमी आए। वहीं विभाग अब लाइन लाॅस बचाने के लिए फाइबर की केबल भी डाल रहा है। नगर परिषद की तरफ से लगी स्ट्रीट लाइटें दिन में भी जलती रहती हैं। कर्मचारी रात को स्ट्रीट लाइटों को जला देते हैं और दिन में भी बंद नहीं करते हैं। बिजली आते ही यह लाइट जलने लगती हैं। इससे बिजली की बर्बादी होने के साथ ही नगर परिषद का बिल बढ़ता है।
वर्जन
शहर में स्ट्रीट लाइटों को ऑन-ऑफ करने के लिए कर्मचारी तैनात हैं। उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। जिस क्षेत्र में दिन में भी लाइट जलती मिलेगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-निशा शर्मा, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद, गोहाना।