सोनीपत। जिले में शनिवार देर रात आई आंधी की वजह से बिजली निगम व वन विभाग को काफी नुकसान हुआ है। आंधी के दौरान 850 पेड़ गिर गए और 375 खंभे टूटने के साथ 22 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए।
आंधी की वजह से कई स्थानों पर विद्युत लाइनों में फाॅल्ट आने से आठ से 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली गुल होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अकेले गोहाना क्षेत्र में 110 खंभे टूट गए। इससे कृषि क्षेत्र के साथ विभिन्न गांवों में दोपहर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
आंधी के बाद बिजली निगम के कर्मचारी लाइनों में फाल्ट को ढूंढते रहे। बिजली निगम की टीम रातभर क्षेत्र में डटी रही और फॉल्ट को ठीक करती रही। गन्नौर के ग्रामीण क्षेत्र में आंधी से 120 खंभे टूट गए और सात ट्रांसफार्मर खराब हो गए। गोहाना क्षेत्र में करीब 110 खंभे टूटे और तीन ट्रांसफार्मर गिर गए।
वहीं, शहरी क्षेत्र में भी 6 घंटे के कट लगने के बाद शहर के कुछ हिस्सों में सुबह 9 बजे बिजली सुचारू हुई, लेकिन कुछ क्षेत्र में दोपहर बाद बिजली सप्लाई शुरू हो पाई। बिजली निगम के कर्मचारी दिनभर मरम्मत कार्य में जुटे रहे।
बिजली की बार-बार ट्रिपिंग ने बढ़ाई शहरवासियों की समस्या
आंधी के कारण खरखौदा शहर और ग्रामीण अंचल में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली बहाल करने में बाधा आ रही है। आधी रात के बाद से ही बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई थी, जिसे बहाल करने में बिजली निगम को काफी परेशानी उठानी पड़ी। शहर के कई हिस्सों में तो सुबह 8:30 बजे तक बिजली आपूर्ति को बहाल किया गया, लेकिन 132 केवी पावर हाउस के लोड न उठा पाने के कारण फिर से कट लगा दिया गया। इससे शहर में बिजली बार-बार ट्रिप होने से लोगों की परेशानी बढ़ी। बिजली निगम की टीमें रात से ही खंभों की मरम्मत और टूटे तारों को जोड़ने में लगी हैं। खरखौदा क्षेत्र में अलग-अलग जगह पर 40 पेड़ गिरने के साथ ही 35 खंभे भी गिर गए। साथ ही 10 कंडक्टर भी टूटने से बिजली आपूर्ति को बहाल करने में बिजली निगम को परेशानी उठानी पड़ी।
वर्जन
शनिवार देर रात आई आंधी के चलते 375 खंभे व 22 ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे बिजली निगम को काफी नुकसान हुआ है। फाॅल्ट को दूर करते हुए लाइन को चालू किया गया।
-गीतूराम तंवर, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम
आंधी के दौरान 850 पेड़ गिरे हैं। वन कर्मियों की ओर से फील्ड में गिरे हुए पेड़ों की गणना जारी है। यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। -रेनूबाला, उप वन संरक्षक अधिकारी
फोटो 18: सोनीपत के गन्नौर के पास आंधी के दौरान ट्रांसफार्मर के टूटे पड़े खंभे। संवाद