सोनीपत। शहर के हनुमान नगर में परिवार के सदस्य घर पर ताला लगाकर शादी समारोह में शिरकत करने गए थे। इस दौरान चोरों ने लाखों के आभूषण व नकदी चोरी कर लिए। परिवार के सदस्य शादी से लौटे तो चोरी का पता लगा। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हनुमान नगर में रहने वाले शुगर मिल से रिटायर कर्मी अब्दुल सईद ने ओल्ड सिटी चौकी पुलिस को बताया कि उनका घर हनुमान नगर में एकांत में है। गन्नौर क्षेत्र के गांव खेड़ी गुर्जर में उनकी बेटी के घर में शादी थी। वह घर पर ताला लगाकर परिवार के साथ रविवार दोपहर को शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। सोमवार दोपहर में वापस आए तो पाया कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। इस पर घर में जाकर देखा तो वहां पर भी कमरों के ताले टूटे हुए थे।
चोरों ने कमरे में रखी सेफ व अलमारी के ताले तोड़ डाले थे। अलमारी में रखे सोने के आभूषण और करीब दो लाख रुपये की नकदी चोरी मिली। चोरों ने बेड व अलमारी में रखे कपड़ों तक को इधर-उधर फेंक रखा था। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। अब्दूल सईद के बेटे फिरोज ने बताया कि उनके घर के अंदर 1.80 लाख रुपये की नकदी मोबाइल फोन के डिब्बे में रखी थी। उस पर चोरों की निगाह नहीं पड़ी। जिसके चलते वह नकदी चोरी होने से बच गई। उसने बताया कि बहन के घर में शादी होने के चलते उन्होंने नकदी को घर में लाकर रखा था। ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसकी मदद की जा सके।
वर्जन
हनुमान नगर में चोरी की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर जांच की है। घर का ताला टूटा पड़ा था और कपड़े बिखरे हुए थे। चोरी गए सामान की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- चांद सिंह, प्रभारी, ओल्ड सिटी चौकी।