सोनीपत। शहर के ओल्ड रोहतक रोड स्थित कल्याण नगर में व्यापारी नेता के घर अलमारी का लॉक ठीक करने के बहाने आए दो युवक 20000 रुपये की नकदी उड़ा ले गए। आरोप है कि दोनों ने व्यापारी नेता की पत्नी को पुराना कपड़ा व तेल लेने के बहाने दूसरे कमरे में भेज दिया और नकदी निकाल ली। जब उन्होंने अलमारी चेक करने की बात कही तो युवकों ने बहाने से आधी चाबी लॉक के अंदर ही तोड़ दी। बाद में कुछ देर बाद आकर ताला खोलने की बात कहकर निकल गए। व्यापारी नेता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संदिग्ध सीसीटीवी में दिखाई दे रहे हैं।
कल्याण नगर में रहने वाले जिला व्यापार मंडल के कार्यवाहक शहरी प्रधान पवन तनेजा ने बताया कि घर में आलमारी का ताला खोलने में दिक्कत आ रही थी। जिस पर गली में ताला ठीक करने वालों की आवाज सुनकर उनकी पत्नी वीना तनेजा ने दो युवकों को बुला लिया। वीना तनेजा ने बताया कि उनमें से एक व्यक्ति अलमारी को ठीक करने लगा और वहां पास ही बैठ गया। वह स्वयं भी साथ में पड़े सोफे पर बैठ गई। थोड़ी देर बाद उन्होंने सफाई के लिए कपड़ा मांगा तो वह बाहर रसोई से कपड़ा लेने चली गई। कुछ देर बाद उन्होंने सरसों या मशीन का तेल और रुई मांगी तो वह दूसरे कमरे से तेल और रुई भी ले आई। इस बीच उन्होंने अलमारी के सेफ से चुपचाप 100-100 रुपये के नोटों के दो पैकेट निकाल कर अपने बैग में डाल लिए। इसका उनको पता नहीं लग सका। उसके बाद कहा कि ताले में तेल डाल दिया है। ताले में लगे जंग की 10-15 मिनट में सफाई हो जाएगी। उसके बाद ताला खोल लेना। इस पर वीना तनेजा ने उन्हें पहले अलमारी चेक करने को कहा। इस पर उन्होंने जानबूझकर ताले में चाबी फंसाकर आधी चाभी को अंदर ही तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि अभी चाबी टूट गई है। ऐसे में अलमारी नहीं खुलेगी। उन्होंने कहा कि वह एक घंटे बाद कुछ अन्य औजार लेकर आएंगे और नई चाबी लगा देंगे। उसके बाद वह शाम तक नहीं लौटे। शाम को उनके पति पवन तनेजा घर पर आए और उन्होंने पुराने फाटक से दूसरा कारीगर बुलवाकर अलमारी का लॉक ठीक करवाया। अलमारी में जांच करने पर 20,000 रुपये गायब मिले। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दोनों युवक सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे हैं। पुलिस फुटेज को कब्जे में लेकर उनको तलाश कर रही है।