संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा (सोनीपत)। स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) ने सैदपुर चौकी के बाहर लगाए गए नाके पर वाहनों की जांच के दौरान एक गाड़ी से 44 लाख 99 हजार 200 रुपये बरामद किए हैं। इसकी सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नकदी को कब्जे में लेकर ट्रेजरी में जमा करवाया। इससे पहले एसएसटी टीम वाहनों की जांच करते हुए 35 लाख 41 हजार 700 रुपये पकड़ चुकी है।
आदर्श आचार संहिता का पालन करवाने के लिए प्रशासन की तरफ से जगह-जगह नाके लगाकर एसएसटी को जांच करने के लिए तैनात किया गया है। यह टीम वाहनों की जांच करते हुए नकदी को अवैध रूप से लाने ले जाने से रोकने का काम करती है। मंगलवार की रात एसएसटी की एक टीम सैदपुर चौकी के बाहर नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार दिल्ली की तरफ से आई, जिसे टीम ने नाके पर जांच करने के लिए रोका। जांच में टीम को कार में 44 लाख 99 हजार 200 रुपये मिले। कार सवार उत्तर प्रदेश के बागपत के गांव बसौली निवासी संचित तोमर व हरिद्वार के रहने वाले ध्रुव से जब नकदी से संबंधित पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि यह राशि उनके फैक्टरी मालिक की है, जिसे वह रोहिणी से लेकर चले थे और रोहतक देने के लिए जा रहे थे।
मामले की सूचना आयकर विभाग को दी गई। जिस पर आयकर विभाग की एक टीम सहायक आयकर आयुक्त पंकज कंसल की अगुवाई में पहुंची। टीम ने नकदी को अपने कब्जे में लेते हुए इसे ट्रेजरी में जमा करवाया है। इसके साथ ही दोनों युवकों को टीम अपने साथ आयकर भवन ले गई, जहां पर दोनों के बयान दर्ज किए गए हैं।
खरखौदा क्षेत्र में इससे पहले तीन जगहों पर लगे नाकों पर जांच करते हुए नकदी पकड़ी जा चुकी है। अब तक कुल 80 लाख 40 हजार 900 रुपये पकड़े जा चुके हैं। इस दौरान आयकर अधिकारी अशोक उन्नति, इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा, संदीप, ओमप्रकाश व राकेश हुड्डा मौजूद रहे।