फोटो :22: सृष्टि दहिया। स्रोत परिजन
सोनीपत। योगासन चैंपियनशिप में सोनीपत की बेटी सृष्टि दहिया ने 18 वर्ष की आयु में अपनी योग प्रतिभा से देश में प्रदेश का नाम रोशन किया है। छठी जूनियर व सीनियर-सी योगासन प्रतियोगिता में सृष्टि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर आयु वर्ग में दो पदक अपने नाम किए।
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 27 सितंबर से 1 अक्तूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में सृष्टि ने दो विधाओं में पदक जीते। प्रशिक्षक रोहित, भारत और अन्नू के मार्गदर्शन में सृष्टि दहिया ने ट्रेडिशनल योगासन में कांस्य पदक व ट्विस्टिंग बॉडी इंडिविजुअल में रजत पदक जीता।
प्रशिक्षक रोहित ने बताया कि सृष्टि दहिया प्रदेश की इकलौती खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने इंडिविजुअल इवेंट में दो पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में देशभर से 800 खिलाड़ियों ने भाग लिया। हरियाणा के खिलाड़ियों ने 12 पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया।