संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। आर्मी पोलो एंड राइडिंग क्लब (एपीआरसी), दिल्ली कैंट में हुई दिल्ली हॉर्स शो व जूनियर राष्ट्रीय घुड़सवारी चैंपियनशिप में 35 पदक जीतकर मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय, राई में लौटे खिलाड़ियों का सोमवार को स्वागत किया गया। यह प्रतियोगिता 22 मार्च से 4 अप्रैल तक आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता में देशभर की 40 से अधिक टीमों ने भाग लिया था। शो जंपिंग, ड्रेसेज, टेंट पेगिंग और हॉर्स मैनेजमेंट में युवा सवारों ने कौशल दिखाया। प्रतियोगिता में खेल स्कूल राई के 29 प्रतिभागियों (15 लड़के, 14 लड़कियाें) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जूनियर नेशनल में एशु राणा ने स्वर्ण और रवि ने रजत पदक जीता। दिल्ली हॉर्स शो में स्कूल को 4 स्वर्ण, 10 रजत और 19 कांस्य सहित कुल 35 पदक मिले। यह उपलब्धि न केवल खेल भावना को बढ़ावा देती है बल्कि छात्रों में घुड़सवारी के बढ़ते क्रेज को भी दर्शाती है।
हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ये पदक सिर्फ धातु नहीं हमारे छात्रों के साहस, अनुशासन और टीम भावना पर मोहर हैं। घुड़सवारी जैसे खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करने के साथ धैर्य सिखाते हैं।
कुलपति ने कहा कि निकट भविष्य में हम तकरीबन सात खेलों में स्पोर्ट्स कोटा से दाखिला ले रहे हैं। उन सभी चयनित खिलाड़ियों को स्कूल व विवि के प्रशिक्षकों से भी नई तकनीक सीखने को मिलेगी।
प्रधानाचार्य रामधारी शर्मा और खेल अधिकारी चंद्र शेखर शर्मा ने घुड़सवार प्रशिक्षक नरेंद्र सिंह राणा को बधाई दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि कोच नरेंद्र राणा के मार्गदर्शन में मिली यह सफलता आगे भी छात्रों को बड़े लक्ष्यों के लिए प्रेरित करेगी।