खरखौदा । सीएम फ्लाइंग ने खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर दूसरे दिन भी खरखौदा में छापा मारा। मंगलवार को जहां दो डेयरी पर छापा मारकर देसी घी के सैंपल भरे गए थे। वहीं, बुधवार को टीम अमित नगर पहुंची और वहां पर संचालित मसाला फैक्टरी में जांच करने के बाद मिर्च, धनिया व हल्दी के सैंपल लिए।
जांच में सामने आया कि फैक्टरी संचालन को लेकर न तो नगर पालिका से कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया गया था न ही दमकल विभाग से मंजूरी ली गई थी। इसको लेकर टीम ने फैक्टरी संचालक को नोटिस दिया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम बुधवार को इंस्पेक्टर बिजेंद्र की अगुवाई में खरखौदा पहुंची। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डाॅ. विरेंद्र भी अपनी टीम के साथ मौजूद थे। संयुक्त रूप से मिलकर इस टीम ने शहर के सांपला मार्ग पर स्थित अमित कॉलोनी में चल रही एक मसाला फैक्टरी में छापा डाला।
टीम ने पाया कि यहां पर मसालों की पैकिंग की जाती है। इस पर टीम ने नगर पालिका, मार्केट कमेटी व दमकल विभाग से भी अधिकारियों को बुलाया ताकि वह अपने विभागों से संबंधित इस फैक्टरी को लेकर जानकारी दे सके लेकिन खरखौदा की इस फैक्टरी की तरफ से न तो नगर पालिका से नक्शा पास करवाया गया था न ही रिहायशी क्षेत्र में फैक्टरी संचालित करने की कोई मंजूरी नहीं ली गई थी और न ही दमकल केंद्र से फायर सेफ्टी को लेकर एनओसी ली गई थी।
मार्केट कमेटी के ऑक्शन रिकॉर्डर ने भी फैक्टरी की तरफ से अभी तक कोई फीस जमा कराए जाने से इन्कार कर दिया। ऐसे में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डाॅ. वीरेंद्र सिंह की तरफ से हल्दी, धनिया, व मिर्च के सैंपल भर दिए गए। वहीं, नगर पालिका की तरफ से जहां फैक्टरी संचालक को नोटिस जारी कर बगैर एनओसी के फैक्टरी का संचालन करने बारे पूछा है।
वहीं, दमकल विभाग ने भी जवाब-तलब किया है। खरखौदा में बीते दो दिनों से सीएम फ्लाइंग के छापों से क्षेत्र में हलचल मची हुई है। खाद्य सामग्री को लेकर हो रही छापामारी से विशेष रूप से खाद्य सामग्री बेचने वालों में डर बना हुआ है। इस दौरान जेई हरीश, ऑक्शन रिकॉर्डर पदमजीत, फायर सेफ्टी संदीप राठी आदि मौजूद रहे।