सोनीपत। जटवाड़ा मोहल्ला में महिला को झांसे में लेकर उसकी सोने की बालियां चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना की ओल्ड चौकी पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लाल दरवाजा की रहने वाली बाला ने पुलिस को बताया कि 29 मार्च को दोपहर के समय वह घर से हनुमान नगर जा रही थी। जब वह जटवाड़ा मोहल्ला में पहुंची तो उसे एक युवक ने रोक लिया और उससे पानीपत का रास्ता पूछा। बाला उसे रास्ता बताने लगी तो उस दौरान वहां पर एक महिला व दो लडक़े और आ गए। वह चारों उससे बातचीत करने लगे। उन्होंने उसे बातों में लगाकर बहाने से उसके कानों से बालियां निकलवा ली। बाद में वह बालियां चोरी कर फरार हो गए। उनके जाने के बाद उसे बालियां चोरी होने का पता लगा। जिस पर उसने परिजनों को अवगत कराया। उन्होंने अपने स्तर पर उनका पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। जिस पर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।