सोनीपत। गांव उमेद गढ़ में चोर घर के अंदर बेड में रखे साढ़े चार लाख रुपये से भरे बैग को चोरी कर ले गए। पीडि़त महिला नया घर बनाने के लिए रुपये अपने मायके से लेकर आई थी। घटना के समय महिला अपने पशु बाड़े में गई थी। जब वह वापस लौटी तो चोरी का पता लगा। जिस पर पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव उमेद गढ़ की रहने वाली सरस्वती ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि उसका मायका गांव भदाना में है। वह कुछ दिन पहले नया घर बनाने के लिए अपने भाई राकेश से साढ़े चार लाख रुपये लेकर आई थी। उसने रुपयों का भरा बैग कमरे में बेड के अंदर रख दिया था। महिला ने बताया कि वह शुक्रवार को घर के पास ही अपने पशु बाड़े में पशुओं को चारा डालने गई थी। उनके घर पर कोई नहीं था। उसी दौरान दो युवक बाइक पर उसके पास आए और राजमिस्त्री के बारे में पूछताछ करने लगे। उन्होंने उसे बातों में लगाए रखा। बाद में वह बाइक लेकर चले गए। जब वह अपने घर पहुंची को बेड खुला पड़ा था। बेड के अंदर से नकदी से भरा बैग चोरी हुआ मिला। उसने पता किया तो जानकारी मिली कि जब वह दो युवक उसे बातों में उलझाए थे तो दो अन्य युवक उसके घर के बाहर खड़े थे। उसे शक है कि उसके साथ खड़े दो युवकों के साथ आए उनके दो अन्य साथी नकदी निकालकर ले गए हैं।