नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाते कर्मी
- फोटो : Amar Ujala
सोनीपत। नागरिक अस्पताल में शनिवार को दूसरे ऑक्सीजन प्लांट का ट्रायल किया गया। प्लांट की ट्रायल प्रक्रिया पूरी करने के लिए गुजरात की एलएंडटी कंपनी की टीम शनिवार सुबह अस्पताल पहुंच गई थी। कंपनी के कर्मचारी ऑक्सीजन प्लांट चलाने के लिए शनिवार दोपहर तक मशीन स्थापित करने में जुटे रहे।
जिला अस्पताल में 1.66 करोड़ रुपये की लागत से 1000 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया गया है। 3 जनवरी को गुजरात की एलएंडटी कंपनी ने ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए मशीनें भेज दी थी। इसका बजट कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत एचडीएफसी बैंक की ओर से दिया जाएगा। प्लांट शुरू होने के बाद यहां रोजाना 200 सिलिंडर ऑक्सीजन का उत्पादन किया जा सकेगा। अस्पताल के सभी वार्डों में इसकी आपूर्ति दी जाएगी। बड़ा प्लांट शुरू होने से अस्पताल में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं रहेगी। ट्रायल प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्लांट चालू कर दिया जाएगा। प्लांट चलाने के लिए लोक निर्माण विभाग के इलेक्ट्रीकल शाखा की ओर से पावर सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभाग को 50 लाख रुपये पहले ही जारी कर रखा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद पावर सब स्टेशन स्थापित करने का काम शुरू होगा।