ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार ननद-भाभी की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। जीटी रोड पर बहालगढ़ व कुमासपुर के बीच ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार ननद-भाभी की मौत हो गई। दोनों ऑटो में सवार होकर कुमासपुर के पास स्थित फैक्टरी में ड्यूटी पर जा रही थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से यूपी के जिला बागपत के गांव बामनौली निवासी सारंग व उसकी पत्नी शिवानी (19) बहालगढ़ में किराए पर रहते हैं। उनके साथ ही सांरग का बहनोई यूपी के जिला मुजफ्फरनगर के गांव रामराज का रहने वाला कर्ण भी अपनी पत्नी तुलसी (18) के साथ बहालगढ़ में ही रहता है। सारंग व कर्ण की शादी तीन माह पहले ही हुई थी। वह अपनी पत्नियों के साथ बहालगढ़ में रहने लगे थे। शिवानी और तुलसी कुमासपुर स्थित एक फैक्टरी में काम करती थी। वह रविवार सुबह ऑटो सवार होकर कुमासपुर फैक्टरी में जाने के लिए निकली थी। जब उनका ऑटो बहालगढ़ व कुमासपुर के बीच में पहुंचा तो इसी दौरान एक ट्रक ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ननद-भाभी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ऑटो चालक का भी पता नहीं लग सका है।