अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गोहाना के सामान्य अस्पताल के चिकित्सक ने एक व्यक्ति पर उसके और स्टाफ के साथ हाथापाई करने और सामान तोडऩे का आरोप लगाया है। आरोप है कि व्यक्ति राजनीतिक पहुंच बताकर अपने मरीज की एमएलआर बनाने को कह रहा था, जबकि चिकित्सक अस्पताल में गंभीर हालत में पहुंचे दो मरीजों का उपचार कर रहे थे। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सामान्य अस्पताल गोहाना के चिकित्सक डा.अनूज सांगवान ने बताया कि वह 25 अक्तूबर को आपातकालीन विभाग में ड्यूटी दे रहे थे। सामान्य अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती विकास व गौरव का उपचार कर हे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति अस्पताल में पहुंचा। उसने अपनी पहचान हुकमचंद मंडी गोहाना निवासी राजामोहन वर्मा के रूप में दी। उसने खुद की राजनीतिक पहुंच बताते हुए उसके मरीज की एमएलआर काटने को कहा। जिस पर चिकित्सक ने उसके मरीज की जांच करने के बाद कुछ देर रुकने को कहा। चिकित्सक का कहना है कि उसे कहा गया था कि दो मरीजों की हालत गंभीर है। उन्हें उपचार देने के बाद वह उनके मरीज की एमएलआर बना देगा। जिस पर वह भडक़ गया और तोडफ़ोड़ करते हुए चिकित्सक व स्टाफ से हाथापाई करने लगा। जिस पर चिकित्सक ने पुलिस को फोन करने को कहा तो वह धमकी देता हुआ फरार हो गया। चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।