सोनीपत। सोनीपत के शराब ठेकेदार लगातार बदमाशों के निशाने हैं। तीन दिन पहले शराब कारोबारी सुखविंद्र की 24 गोली मारकर हत्या की वारदात को लोग भूले भी नहीं थे कि अब बदमाशों ने कटवाल के शराब कारोबारी से आठ लाख रुपये की रंगदारी की मांग कर डाली। इतना ही नहीं रंगदारी नहीं देने पर पिस्तौल हाथ में लेकर पहुंचे बदमाशों ने ठेके में आग लगा दी। उधर, आवंली में बदमाशों ने शराब ठेके पर गोली चला दी। जिसमें सेल्समैन बाल-बाल बचा। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव निजामपुर माजरा निवासी सुरेश ने पुलिस को बताया उसने गांव कटवाल निवासी दिनेश व अन्य के साथ कटवाल व फरमाणा जोन के शराब ठेके ले रखे हैं। सुरेश ने बताया कि उनके साथी निजामपुर माजरा के जोगेंद्र उर्फ टीनू के पास एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को कटवाल का सुमित बताते हुए कहा कि आठ लाख रुपये उनके घर पर भिजवा देना। नहीं तो वह उसे व उसके साथ साथी सुरेश को गोली मार देगा। सुरेश का आरोप है कि उसने पिछले साल भी शराब ठेके ले रखे थे। तब भी सुमित ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर कटवाल के शराब ठेके के अंदर गोली चलाई थी। अब उनके रंगादारी की मांग की गई। सुरेश ने बताया कि शनिवार को वह तथा उसका पार्टनर दिनेश ठेके के पास ही दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान पल्सर बाइक व स्कूटी सवार पांच लडक़े आए। दो लडक़े पिस्तौल लेकर ठेके के आगे खड़े हो गए। उन्होंने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। उनके एक साथी ने लोहे के गेट से ठेके में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। उसके बाद वह फरार हो गए। आग लगाने से ठेके के अंदर इंनवर्टर बैटरी, सीसीटीवी, बिजली की फिटिंग व मीटर जल गए। पहले दर्ज कराए मुकदमें व रंगदारी नहीं देने की रंजिश में सुमित ने इस वारदात को अंजाम दिलवाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आवंली के ठेके पर फायर कर हुए फरार
गांव आवंली स्थित शराब ठेके के सेल्समैन गांव आवंली के रामधारी ने बताया कि शनिवार को पल्सर बाइक व स्कूटी सवार पांच युवकों ने जानलेवा हमला किया है। उसने बताया कि पहले बदमाशों ने ठेके के बाहर गोली चलाई और बाद में जब वह अंदर बैठा दिखा तो उस पर गोली चला दी। गनीमत रही की गोली उसे नहीं लगी। पुलिस ने रामधारी के बयान पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों वारदात पल्सर व स्कूटी सवार पांच युवकों ने की है। जिससे दोनों वारदात एक ही गिरोह द्वारा किए जाने का अंदेशा है।