प्रदेश से महिलाओं को यूपी ले जाकर में भ्रू्ण लिंग जांच कराने का खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार शाम सोनीपत के डिप्टी सीएमओ डॉक्टर आदर्श शर्मा की टीम ने मेरठ के मोहनबाग के नजदीक एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारकर एक बीएएमएस डॉक्टर, स्टाफ नर्स व सोनीपत से महिला को लेकर गए बिचौलिये को दबोच दिया। मेरठ के स्वास्थ्य विभाग की टीम मामला दर्ज कराने की तैयारी कर रही थी। सीएमओ जेएस पुनिया ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि भ्रूण लिंग जांच कराने वाला गिरोह अब भी सक्रिय है, जो यूपी में गर्भवती महिलाओं को ले जाकर अल्ट्रासाउंड करवा रहा है। विभाग ने एक महिला को फर्जी ग्राहक बनाकर बिचौलिये से संपर्क करने के लिए कहा। महिला ने योजना के तहत सोनीपत के युवक से बात की। युवक ने कहा कि उसका एक रिश्तेदार मेरठ में रहता है, जो वहां आसानी से भ्रूण लिंग जांच करवा देगा। दोनों के बीच 8 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। महिला को दोपहर साढ़े 12 बजे युवक अपने साथ मेरठ स्थित मोहनबाग ले गया, जहां नजदीक एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर भ्रू्ण लिंग जांच के लिए महिला से पैसे ले लिए गए। तभी इशारा पाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेरठ के स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर छापा मार दिया। मौके से एक डाक्टर, एक स्टाफ नर्स और बिचौलिये को दबोच लिया गया।
यूपी से नहीं टूट रहे गिरोह के लिंक
लगातार स्वास्थ्य विभाग लिंग जांच को रोकने का प्रयास कर रहा है। प्रदेश में दबाव के चलते अब आसपास के राज्यों में भ्रूण लिंग जांच करवाई जा रही है। इसी के चलते सोनीपत की टीम दिल्ली के मयूर विहार, नरेला, यूपी में नोएडा में कामयाब छापेमारी कर चुकी है। अब मेरठ में पैसे लेकर लिंग जांच करते हुए एक बीएएमएस डॉक्टर, स्टाफ नर्स व बिचौलिये को काबू किया है।
-जेएस पुनिया, सीएमओ, सोनीपत।