सोनीपत से दिल्ली वाया नरेला मार्ग पर आवागमन आसान होगा क्योंकि इस मार्ग को टू लेन से फोर लेन करने की तैयारी कर दी गई है। 12 किमी लंबी इस सड़क को फोर लेन करने के लिए 96 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके लिए एचएसआरडीसी ने डीपीआर तैयार करके एनसीआर प्लानिंग बोर्ड से यह रकम मांगी है। इसको लेकर मई में बैठक होगी और उसमें एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की मुहर लग सकती है। इसके बाद इसे फोर लेन बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा और लोगों को दिल्ली पहुंचने में आसानी होगी।
डेढ़ दशक से की जा रही मांग
सोनीपत से दिल्ली वाया नरेला जाने वाले मार्ग के अपग्रेड करने के लिए डेढ़ दशक से डिमांड की जा रही थी। सफियाबाद से आगे नरेला तक मार्ग खस्ता हालत में होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते एचएसआरडीसी ने इसको फोर लेन बनाने की योजना तैयार की। इसके बाद डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को हुडा विभाग के चीफ कार्डिनेटर प्लानिंग (मॉनिटरिंग सेल) को भेजा गया। वहां से मंजूरी मिलने के बाद रिपोर्ट को एनसीआर प्लानिंग बोर्ड को भेज दिया गया है, जिससे सड़क के चौड़ीकरण के लिए 96 करोड़ रुपये मांगे गए हैं।
10 मीटर सड़क होगी चौड़ी
सोनीपत के आईटीआई चौक से साफियाबाद होते हुए दिल्ली बॉर्डर तक साढ़े 12 किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाना है। दस पर 96 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इसमें आईटीआई चौक से अकबरपुर बारोटा तक चार मार्गीय और बारोटा पुल से साफियाबाद स्थित दिल्ली बॉर्डर तक 10 मीटर सड़क को चौड़ा किया जाएगा।
बजट के लिए अगले माह होगा फैसला
96 करोड़ का बजट जारी करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड की मई माह में बैठक होनी है। बैठक के दौरान एनसीआर क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों पर चर्चा होगी, जिसमें सोनीपत से साफियाबाद स्थित दिल्ली बॉर्डर तक मार्ग के चौड़ीकरण करने का प्रोजेक्ट भी शामिल है। मीटिंग में 96 करोड़ के बजट पर मोहर लगने के बाद एचएसआरडीसी को निर्माण कार्य शुरू करेगा।
सोनीपत से दिल्ली बॉर्डर तक विभाग की ओर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड से 96 करोड़ का बजट मांगा है। बजट के मिलने के बाद सड़क को फोर लेन करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-जगवीर सिंह काजला, डीजीएम, एचएसआरडीसी