सोनीपत रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर-एक पर माल गोदाम के नजदीक ट्रैक का एक तीन फुट का टुकड़ा ठंड के चलते क्रैक हो गया। गनीमत ये रही कि सोनीपत रेलवे स्टेशन से कुरुक्षेत्र-दिल्ली पैसेंजर चलने से पहले की मैन रविंद्र ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रैक में दरार की सूचना स्टेशन मास्टर को तुरंत दी और पैसेंजर गाड़ी को भी करीब सवा घंटा तक खड़े रखा। ट्रेन एक मिनट बाद ही रवाना होनी थी, जिसे ट्रैक के क्रैक होने की सूचना पर रोक दिया गया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
गाड़ी संख्या 64452 कुरुक्षेत्र-दिल्ली जं. पैसेंजर ट्रेन रोजाना की तरह गुरुवार को अंबाला-दिल्ली रेलमार्ग पर चल रही थी। सोनीपत रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से 34 मिनट देरी से 8:46 बजे पहुंची थी। एक मिनट बाद जब ट्रेन को सोनीपत रेलवे स्टेशन से दिल्ली की तरफ रवाना करने की तैयारी थी। उसी समय की मैन रविंद्र की नजर टूटी हुई पटरी पर पड़ गई। तभी उसने क्रैक हुई लाइन की सूचना स्टेशन मास्टर को दी।
बाकी ट्रेनें प्लेटफॉर्म 2 और 3 से निकालीं
हादसा टलने के बाद रेलवे लाइन को ठीक करने के लिए 38 मिनट तक गाड़ी संख्या 64452 कुरुक्षेत्र-दिल्ली जं. पैसेंजर ट्रेन को सोनीपत रेलवे स्टेशन पर खड़ा रखा गया। इस दौरान अंबाला की तरफ से आने वाली सभी ट्रेनों को प्लेटफार्म नं. 2 व 3 से गुजारा गया। रेल कर्मियों ने 38 मिनट में अस्थाई रूप से लाइन को चालू कर आधा घंटा देरी से खड़ी केडीएम पैसेंजर को सुबह 9:24 बजे दिल्ली की तरफ रवाना किया गया।
दूसरी ट्रेनों से गए सवार
ट्रैक में क्रैक मिलने पर पैसेंजर गाड़ी के प्रभावित होने से रेलयात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पैसेंजर ट्रेन में सवार दैनिक यात्री उतरकर अंबाला की ओर से आ रहे अन्य ट्रेनों में मजबूरी में सवार होना पड़ा। पैसेंजर गाड़ी को रवाना करने के बाद करीब 20 फुट की टुकड़े को जोड़ा
गाड़ी संख्या 64452 कुरुक्षेत्र-दिल्ली जं. पैसेंजर ट्रेन के जाने के बाद रेल कर्मचारी स्थायी रूप से लाइन को ठीक करने के लिए दोपहर बाद तक लगे रहे। दो लाइनों को आपस में जोड़ने वाले ज्वाइंट से करीब तीन फुट का टुकड़ा पूरी तरह से क्रैक हो गया था। उस टुकड़ा को हटाकर वहां पर करीब 20 फुट का टुकड़ा डाला गया। रेलवे लाइन को ठीक करने के लिए रेलवे कर्मचारी गुरुवार दोपहर बाद तक जुटे रहे। ट्रैक ठीक होने के बाद ट्रेनों का आवागमन फिर से सुचारु रूप से शुरू हो गया है।
सुबह जब केडीएम पैसेंजर प्लेटफॉर्म नं. 1 पर खड़ी थी, तभी की मैन रविंद्र ने ट्रैक में दरार देखी और इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी, जिसके बाद हादसा होते होते बच गया।
विजय सिंह, स्टेशन अधीक्षक, सोनीपत