एक दशक के लंबे इंतजार के बाद आखिर वह घड़ी आ गई, जब सोनीपत से जींद के बीच वाया गोहाना ट्रेन की ऐतिहासिक सीटी बजेगी। रेलमंत्री सुरेश प्रभु रविवार दोपहर चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सांसद रमेश कौशिक और डीआरएम अरुण अरोड़ा सोनीपत स्टेशन से गाड़ी को रवाना करेंगे। सोनीपत से जींद का यह सफर मात्र 25 रुपये में पूरा होगा।
रेलवे ने साल 2007 में सोनीपत-गोहाना-जींद लाइन को मंजूर किया था। अब 26 जून से 750 करोड़ रुपये से निर्मित लाइन पर 26 जून से नई डेमू (डीजल इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन का परिचालन शुरू हो रहा है। ट्रेन के परिचालन शुरू होने से कम किराए में सोनीपत के लोगों के साथ यहां का व्यापार सीधे जींद और जींद के लोगों के साथ वहां का व्यापार सीधे सोनीपत से जुड़ जाएगा। सबसे ज्यादा फायदा गोहाना उपमंडल के लोगों को होगा। ट्रेन को लेकर दोनों तरफ रहने वाले ग्रामीणों में खासा उत्साह है। सरपंचों का कहना है कि ट्रेन का परिचालन शुरू होने से सोनीपत और जींद जाने में समय की बचत होगी। रविवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह जींद से गाड़ी चलेगी और फिर दोपहर में सोनीपत से रवाना होगा।
उद्घाटन ट्रेन का नंबर होगा 04019
रविवार को रेलमंत्री सुरेश प्रभु जिस ट्रेन को चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रवाना करेंगे, उस डेमू ट्रेन का नंबर 04019 होगा। इसमें आठ कोच होंगे और यह 11 स्टेशनों पर रुकेगी। सोनीपत स्टेशन पर सांसद रमेश कौशिक और डीआरएम अरुण अरोड़ा दोपहर 3:05 बजे जींद के लिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन केवल उद्घाटन के दौरान चलेगी। सोमवार से रेलवे लाइन पर पैसेंजर ट्रेन नंबर 74020 जींद से आएगी, जबकि 74019 वापस जाएगी।
उद्घाटन के दिन यह रहेगा टाइम टेबल
स्टेशन आगमन प्रस्थान
सोनीपत - 3:05
बड़वासनी 3:15 3:16
मोहाना 3:27 3:28
लाठ 3:36 3:37
रभड़ा 3:45 3:46
गोहाना 3:53 3:54
खंदराई 4:00 4:01
बुटाना 4:08 4:09
ईशापुर खेड़ी 4:16 4:17
भंबेवा 4:25 4:26
ललितखेड़ा 4:37 4:38
पांडूपिंडारा 4:45 4:46
जींद सिटी 4:54 4:55
जींद जंक्शन 5:15
सोनीपत में 20 मिनट ठहराव के बाद जींद के लिए रवाना होगी ट्रेन
रविवार को ट्रेन नहीं चलाई जाएगी। जींद जंक्शन से 74020 डेमू ट्रेन सुबह 10:30 बजे सोनीपत के लिए रवाना होगी। सोनीपत रेलवे स्टेशन पर यह गाड़ी दोपहर 12:50 बजे पहुंचा करेगी। यहां 20 मिनट का ठहराव होगा। वापसी में यह 74019 डेमू ट्रेन दोपहर 1:10 बजे जींद जंक्शन के लिए रवाना होगी। दोपहर 3:20 बजे यह ट्रेन जींद पहुंचा करेगी।
प्रतिदिन यह रहेगी समय सारिणी
जींद से सोनीपत आने के लिए गाड़ी संख्या (74020)
स्टेशन आगमन प्रस्थान
जींद जंक्शन - 10:30
जींद सिटी 10:38 10:39
पांडूपिंडारा जंक्शन 10:46 10:47
ललित खेड़ा 10:58 10:59
भंबेवा 11:07 11:08
ईशापुर खेड़ी 11:15 11:16
बुटाना 11:23 11:24
खंदराई 11:31 11:32
गोहाना जंक्शन 11:39 11:40
रभड़ा 11:49 11:50
लाठ 11:58 11:59
मोहाना 12:07 12:08
बड़वासनी 12:19 12:20
सोनीपत 12:50 -
सोनीपत से जींद जाने के लिए गाड़ी संख्या (74019)
स्टेशन आगमन प्रस्थान
सोनीपत - 1:10
बड़वासनी 1:20 1:21
मोहाना 1:32 1:33
लाठ 1:41 1:42
रभड़ा 1:50 1:51
गोहाना 1:58 1:59
खंदराई 2:05 2:06
बुटाना 2:13 2:14
ईशापुर खेड़ी 2:21 2:22
भंबेवा 2:30 2:31
ललितखेड़ा 2:42 2:43
पांडूपिंडारा 2:50 2:51
जींद सिटी 2:59 3:00
जींद जंक्शन 3:20
किसी ने किया स्वागत तो किसी ने बताया कोई लाभ नहीं होगा
स्टेशन दूर है, ट्रेन का कोई फायदा नहीं
बड़वासनी गांव के सरपंच प्रवीण कुमार ने कहा कि बड़वासनी गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेतों में गोहाना की तरफ रेलवे स्टेशन बना रखा है। नई रेललाइन पर रविवार से शुरू हो रही पैसेंजर ट्रेन से बड़वासनी के लोगों को कोई खास लाभ नहीं होगा। यदि हम स्टेशन की तरफ सोनीपत के लिए आएंगे तो इतनी देर में सोनीपत शहर में अपने वाहन से पहुंच जाएंगे। इसका फायदा बड़वासनी स्टेशन से हुल्लाहेड़ी और रतनगढ़ माजरा गांव के लोगों को होगा। दोपहर के समय इस ट्रेन को चलाने से कोई फायदा नहीं होगा। इस ट्रेन को सुबह और शाम चलाया जाए तो दैनिक पैसेंजरों व छात्रों को बहुत फायदा होगा।
सीधे सुविधा होने से जींद जाने का मिलेगा फायदा
जिला परिषद के उपाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने कहा कि सोनीपत के लोगों को जींद जाने के लिए अभी तक कोई सीधा साधन नहीं था। जींद जाने के दौरान कई वाहनों को बदलना पड़ता था। रविवार से शुरू हो रही नई रेललाइन पर ट्रेन की सुविधा बहुत अच्छी बात है। ट्रेन के चलने से जींद में होने वाला व्यापार सीधे सोनीपत और दिल्ली से जुड़ जाएगा। सोनीपत के लोग जो पूर्णिमा और अमावस्या के दिन तीर्थ स्थल पांडूपिंडारा जाते हैं, उनको बहुत ही फायदा होगा। इससे किराए में भी बचत होगी।
गांव से दिल्ली का सफर होगा सीधा
गांव बुटाना कुंडू के सरपंच सुशील ने बताया कि सोनीपत से जींद के लिए चालू होने वाली रेल से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी। जो लोग पहले जींद और सोनीपत बसों में जाते थे। वे लोग अब गांव से सीधे सोनीपत, दिल्ली और जींद का सफर करेंगे। इस रेल के शुरू होने से गांव का विकास भी होगा। यह रेल थोड़ी देरी से चालू हुई। ग्रामीणों को इसका कईं सालों से इंतजार है। इसके चालू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
कम किराए में होगा सोनीपत व जींद का सफर
गांव ईशापुर खेड़ी के सरपंच प्रेम सिंह ने बताया कि सोनीपत से जींद रेल शुरू होना लोगों के लिए काफी लाभदायक है। जिन्हें जींद, गोहाना, सोनीपत व दिल्ली जाने के लिए बसों में भारी-भरकम किराया देना पड़ता था। अब वें ही लोग आधे से भी कम किराए में सफर कर सकेंगे।
हजारों लोगों को होगा इस रेल का फायदा
गांव खंदराई के सरपंच परवार सिंह ठेकेदार ने कहा कि उनके गांव में लगभग 2500 मतदाता है और लगभग चार हजार की आबादी है। इस रेल के शुरू होने से जहां ग्रामीणों को आवागमन करने में फायदा होगा। वहीं आसपास के लोग भी गांव के स्टेशन से अपने पथ पर गमन कर सकेंगे। इस रेल के शुरू होने से लोगों में काफी उत्साह है।
एक नजर में सोनीपत-जींद रेल लाइन
लंबाई : 81.047 किमी
निर्माण लागत: 740.80 करोड़
मंजूरी मिली: 2007-08
निर्माण टारगेट: दिसंबर 2015, सात माह लेट
मंडल : दिल्ली
स्टेशन : सोनीपत-गोहाना-जींद सहित कुल 13
फायदा: रेल से जींद और सोनीपत के बीच सीधा संपर्क मार्ग। गोहाना उपमंडल के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद। सुबह और शाम गाड़ी चलने से गोहाना उपमंडल से प्रतिदिन दिल्ली जाने वाले हजारों यात्रियों को होगा सबसे ज्यादा फायदा। अब किसान भी दिल्ली ले जा सकेंगे दूध।
राजनीतिक मुद्दा भी रही ऐतिहासिक ट्रेन
अटल सरकार के समय भाजपा के सोनीपत से सांसद रहे स्व. किशन सिंह सांगवान ने सबसे पहले सोनीपत से जींद के बीच रेलवे लाइन बिछाने की मांग की। 2005 में केंद्र में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार आ गई। तत्कालीन सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रोहतक के मौजूदा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी समय-समय पर मांग को दोहराया। केंद्र सरकार ने रेल लाइन मंजूर कर ली, लेकिन निर्माण कार्य 2007 में शुरू हुआ, जो एक दशक बाद अब जाकर पूरा हुआ है। रेलवे लाइन का श्रेय लेने के लिए भाजपा व कांग्रेस के बीच होड़ रहती है। दोनों दल अपने तरीके से इसे भुनाएंगे।
गोहाना से सोनीपत आने-जाने में बचेंगे 40 रुपये, दिल्ली जाने पर 86
सड़क मार्ग द्वारा गोहाना से सोनीपत जाने पर एकतरफ का किराया 30 रुपये है, जबकि दिल्ली जाने पर 68 रुपये लगते हैं, जबकि ट्रेन से अब सोनीपत आने पर मात्र 10 रुपये और दिल्ली जाने पर महज 25 रुपये लगेंगे। इस तरह आने-जाने में यात्रियों को 40 रुपये से लेकर 86 रुपये तक का फायदा होगा। जबकि सोनीपत से जींद का सड़क मार्ग से किराया 78 रुपये के करीब है, जबकि ट्रेन में मात्र 25 रुपये लगेंगे। दरअसल, जींद से चलकर सोनीपत आने वाली ट्रेन यहां दिन के 12.50 मिनट पर आ जाएगी। अगर आपको जल्द है तो 1.08 बजे अमृतसर-नई दिल्ली सुपरफास्ट आप पकड़ सकते हैं। इसका दिल्ली तक का किराया 30 रुपये है। अगर आपको पैसेंजर से दिल्ली तक का सफर करना है तो इसके लिए 3.37 बजे तक इंतजार करना पड़ेगा। इसका दिल्ली तक का किराया मात्र 10 रुपये है।
सोनीपत से जींद तक की किराया सूची
ट्रेन किराया सूची
स्टेशन राशि
बड़वासनी 10
मोहाना 10
लाठ 10
रभड़ा 10
गोहाना 10
खंदराई 15
बुटाना 15
ईशापुर खेड़ी 15
भंबेवा 15
ललित खेड़ा 20
पांडूपिंडारा 25
जींद सिटी 25
जींद जंक्शन 25