सेक्टर - 15 को कै बिनेट कविता जैन के घर के सामने सड़क पर भरा पानी
- फोटो : bureau
तेज गर्मी के बाद शनिवार को आई बरसात ने जहां एक तरफ लोगों को राहत दी वहीं दूसरी तरफ यह कई लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई। महज 14 एमएम बारिश ने ही पूरे शहर की सड़कों को पानी से भर दिया। अधिकारियों के दावों की हवा तो तब निकली जब कैबिनेट मंत्री कविता जैन के निवास स्थान के सामने भी दो-दो फिट तक पानी भर गया। यह करीब एक घंटे बाद कम होना शुरू हुआ। गौरतलब है कि बार-बार जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से दावा किया जाता है कि जलभराव नहीं होना दिया जाएगा, लेकिन जिस दिन भी बारिश होती है, शहर की कोई सड़क ऐसी नहीं होती जहां पानी नहीं भरता है। जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए डीसी से लेकर मंत्री तक अधिकारियों को फटकार लगा चुके हैं, लेकिन इन पर असर पड़ता दिखाई नहीं देता है।
कहां कितनी बारिश
सोनीपत 14.5 एमएम
गन्नौर 19 एमएम
गोहाना 2 एमएम
खरखौदा 11 एमएम
जलभराव की समस्या का समाधान कराया जा रहा है। ज्यादा बारिश होने से पानी सड़कों पर आ जाता है। हालांकि थोड़ी देर बाद ही पानी अपने आप निकल जाता है।
-एसके दहिया, एक्सईएन जनस्वास्थ्य विभाग