ईवीएम मशीन, बैलेट बॉक्स व अन्य सामग्रियों की जांच करते पोलिंग पार्टी के सदस्य।
- फोटो : bureau
हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के निर्देशानुसार गन्नौर नगरपालिका चुनाव में पार्षद पद के 69 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। आज इनकी किस्मत का फैसला होगा। शहर में कुल 17 वार्डों में चुनाव प्रक्रिया के लिए पहले 27 बूथ निश्चित किए गए थे, लेकिन वार्ड संख्या 12 से निर्विरोध पार्षद का चुनाव होने के बाद अब 16 वार्डों में चुनाव होगा, जिसके लिए 25 बूथ बनाए गए हैं।
शनिवार को जीटी रोड स्थित जैन कन्या महाविद्यालय में निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम मनीषा शर्मा की अध्यक्षता में पोलिंग पार्टियों को बैलेट बॉक्स, ईवीएम मशीन, बैलेट पेपर तथा अन्य जरूरी सामग्री वितरित की गई। चुनावी सामग्री लेकर पोलिंग पार्टी अपने-अपने बूथों पर रवाना हो गई। रविवार को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान प्रक्रिया होगी। एसडीएम ने कहा कि यदि कोई यदि चुनाव प्रक्रिया में किसी व्यक्ति द्वारा किसी प्रकार की अड़चन डाली गई तो प्रशासन द्वारा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी तहसीलदार हरिओम अत्री, डीएसपी ओमप्रकाश, डीएसपी भारती डबास, बीडीपीओ पूनम चंदा, नायब तहसीलदार देशराज कंबोज, नपा सचिव रविंद्र कुहाड़, सतपाल वर्मा मौजूद रहे।
सुरक्षा के लिए पुलिस भी मुस्तैद
डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि हर मतदान केंद्र के अंदर एक पुलिस कर्मचारी और एक होमगार्ड तैनात रहेगा। जबकि गेट पर चार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा पांच ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस की पांच पैट्रोलिंग गाड़ियां गश्त करेंगी। दो स्पेशल पैट्रोलिंग गाड़ियां होंगी, जिसमें डीएसपी ओमप्रकाश और डीएसपी भारती डबास खुद चुनाव पर पैनी नजर रखेंगे।
संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल होगा तैनात
अतिसंवेदनशील बूथों में वार्ड नंबर-9 का 12 व 13 नंबर बूथ और वार्ड-14 का 21 व 22 नंबर बूथ शामिल हैं। संवेदनशील बूथों में वार्ड-13 का 19 व 20 नंबर तथा वार्ड-16 का 25 व 26 नंबर बूथ शामिल है। इन सभी बूथों पर पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में एक अतिरिक्त पुलिस बटालियन तैनात रहेगी।