सोनीपत स्टेशन पर अब वाटर वेंडिंग मशीन से पीने का पानी मिलेगा। यहां पर ऐसी तीन मशीनें लगाई जाएंगी। इसके बदले यात्री को रकम अदा करनी पड़ेगी। प्रदेश के जनस्वास्थ्य विभाग से पानी मांगा जा रहा है। जल्द ही यात्रियों को मीठा पानी उपलब्ध कराया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को नई रेलवे लाइन का निरीक्षण करते हुए सोनीपत रेलवे स्टेशन के दौरे पर आए उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एके पुठिया ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। इसके अलावा उन्होंने नई रेलवे लाइन के साथ एक और नया प्लेटफार्म बनाने का विचार साझा किया है। ताकि दिल्ली और अंबाला की तरफ से आने वाली गाड़ियों को नए प्लेटफॉर्मों पर लाया जा सके। इन प्लेटफार्म पर ओएचई लाइन को जोड़ा जा सकें।
जींद से चलकर गोहाना जंक्शन होते हुए उत्तर रेलवे के जीएम एके पुठिया डीआरएम अरुण अरोड़ा समेत अन्य अधिकारियों के साथ सोनीपत स्टेशन पर दोपहर 12:20 बजे पहुंचे थे। ट्रेन से उतरते ही अन्य प्लेटफार्मों पर जाने की बजाय उन्होंने प्लेटफार्म नंबर 4 और 5 से नए फुट ओवरब्रिज पर चढ़कर पूरे स्टेशन परिसर का जायजा लिया। इस दौरान जीएम पुठिया ने बताया कि सोनीपत-गोहाना-जींद के लिए नया रेलवे ट्रैक खुला है। इस ट्रैक पर जो स्टेशन हैं उन पर क्या नई सुविधा हो सकती हैं, इसका जायजा लिया गया। ट्रैक पर जो मानव रहित फाटक हैं, उन्हें जल्द लगवा दिया जाएगा, ताकि लोगों को रेलवे ट्रैक पार करने में दिक्कत न हो।
सर्कुलेटिंग एरिया में बनेगा पे एंड यूज टॉयलेट और पार्किंग
अधिकारियों ने जीएम एके पुठिया को बताया कि स्टेशन परिसर में प्लेटफार्म नंबर-1 पर स्थित टिकट घर के सामने पे एंड यूज टॉयलेट बनेगा। साथ ही कॉलोनी के कंडम भवनों को तोड़कर पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। जीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोनीपत स्टेशन पर सभी प्लेटफॉर्मों पर टॉयलेट की सुविधा बढ़ाई जाए, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
रेलयात्री महासंघ ने सौंपा जीएम को ज्ञापन
स्टेशन पर रेलयात्री महासंघ के कार्यकारिणी सदस्य बलवान सिंह सरोहा ने जीएम एके पुठिया को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि सोनीपत रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए कोचों की संख्या बढ़ाई जाए। शान-ए-पंजाब, सचखंड एक्सप्रेस, पठानकोट एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का ठहराव हो। खाली जगह पर पार्क का निर्माण किया जाए। वहीं महासंघ ने स्टेशन पर बने बंद टिकट घर को खोलने की जीएम से मांग की। उनका कहना है कि इस टिकट घर को कभी-कभी खोला जाता है। इस पर जीएम अधिकारियों से बातचीत कर कहा कि बंद पड़े टिकट घर में निजीकरण किया जाएगा।
गुड़मंडी से स्टेशन के बाहर एफओबी उतारने के लिए मंजूरी देगा रेलवे
रेल यात्री महासंघ की मांग पर जीएम एके पुठिया ने कहा कि यदि व्यापारियों को गुड़मंडी से लाइन पार जाने के लिए एफओबी की जरूरत है, तो इसके निर्माण में प्रदेश सरकार हस्तक्षेप करे। इसके निर्माण के लिए रेलवे मंजूरी दे देगा, लेकिन इसकी स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों से कनेक्टिविटी नहीं होगी।