गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज को प्रथम वर्ष में ही मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया (एमसीआई) द्वारा एमबीबीएस प्रथम सत्र की 100 सीटों के दाखिले के लिए मार्च 2012 में अनुमति दी गई थी। अब 15 फरवरी 2016 को एमसीआई की दो सदस्यीय टीम द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद वीरवार को एमसीआई ने पांचवें सत्र के लिए भी अनुमति प्रदान कर दी है। यह जानकारी कॉलेज निदेशक डॉ. रामचंद्र सिवाच ने दी। इसी दौरान उन्होंने बताया कि संस्थान में एमआरआई और सीटी स्कैन की सुविधाएं भी शुरू हो गई हैं।
उन्होंने बताया कि संस्थान का लक्ष्य 500 छात्राओं के दाखिलों का था, जो इस अनुमति के साथ पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि 2012 से अब तक 400 छात्राएं चिकित्सा शिक्षा ग्रहण कर रही थीं और हमारा अगला लक्ष्य मेडीकल कॉलेज को मान्यता दिलाना था। इसके अलावा संस्थान में सभी क्लीनिकल विषयों में चिकित्सा शिक्षा में स्नातकोत्तर की सीटें हासिल करना है। जिसके लिए विवि प्रशासन प्रयासरत हैं।