उपमंडल अधिकारी (ना.) मनीषा शर्मा ने खुबडू झाल पर दर्जनभर गांवों के लोगों की बैठक लेते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी गांवों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से धैर्य और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी बाहरी असामाजिक तत्व को अपना आपसी भाईचारा खराब करने की अनुमति न दें।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं और मांगें रख। इनमें मुख्य रूप से गांव सरढ़ाणा के निवासियों ने स्कूल की चारदीवारी का निर्माण, बजाना कलां के लोगों ने स्कूल के संदर्भ में तथा बली के ग्रामीणों ने अस्पताल की निशानदेही और आहुलाना के लोगों ने डिपो होल्डर के खिलाफ शिकायत दी। इनके अलावा खुबडू के ग्रामीणों ने 100-100 गज के प्लॉटों पर कब्जे दिलाने और पुगथला के लोगों ने गोचरान भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांगें रखी। उपमंडल अधिकारी (ना.) मनीषा शर्मा ने सभी समस्याओं की गंभीरता से सुनवाई करते हुए आश्वासन दिया कि शीघ्र ही सभी मांगों को पूरा करते हुए समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर डीएसपी ओमप्रकाश ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति शांतिभंग करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तुरंत उन्हें या उपमंडल अधिकारी (ना.) को दें। इस मौके पर गन्नौर के तहसीलदार हरिओम अत्री पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न गांवों के सरपंच तथा गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।